गोलाघाट में बड़े पैमाने पर बेदखली अभियान, 11,000 बीघा भूमि मुक्त कराने का लक्ष्य

राजीव कर्मकार गोलाघाट, 29 जुलाई/असम.समाचार
गोलाघाट जिले के उरियामघाट क्षेत्र स्थित रंगमा आरक्षित वन में आज बड़े पैमाने पर बेदखली अभियान की शुरुआत हुई। प्रशासन का लक्ष्य लगभग 11,000 बीघा भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराना है।
बेदखली अभियान के लिए करीब 150 बुलडोज़र तैनात किए गए हैं। अभियान विशेष रूप से विद्यापुर क्षेत्र पर केंद्रित है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हजारों की संख्या में पुलिस व अर्धसैनिक बलों को मौके पर तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
अभियान की आशंका से कई परिवार पहले ही अपने घर खाली कर क्षेत्र छोड़ चुके हैं।
प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध अतिक्रमणकारियों को हटाने और राज्य की सरकारी भूमि को पुनः कब्जे में लेने के उद्देश्य से की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, इस क्षेत्र में अन्य जिलों से आए लोगों की तेजी से बढ़ती आबादी स्थानीय जनसांख्यिकी को प्रभावित कर रही थी और कुछ अवैध गतिविधियों में भी इनकी संलिप्तता की आशंका जताई जा रही थी।
अभियान की निगरानी के लिए जिला उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी स्थल पर मौजूद हैं।



