मुख्यमंत्री के साहसिक भूमि संरक्षण कदम के समर्थन में तेजपुर में विशाल भाजपा मार्च
बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ आवाज़, जनसमर्थन के साथ भाजपा की हुंकार

जयप्रकाश अग्रवाल
तेजपुर, 15 जुलाई (असम.समाचार)
राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा द्वारा असम के मूल निवासियों के अधिकारों की रक्षा हेतु उठाए गए साहसिक भूमि बेदखली अभियान के समर्थन में मंगलवार को सोनितपुर जिला मुख्यालय तेजपुर में एक विशाल जनसमर्थन मार्च निकाला गया। यह आयोजन भारतीय जनता पार्टी की सोनितपुर जिला इकाई द्वारा स्थानीय जनसाधारण के सहयोग से आयोजित किया गया।
मार्च में भाजपा के विभिन्न घटकों के कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नेताओं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। सभी ने एक स्वर में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा की इस सशक्त और निर्णायक पहल की सराहना की।
मार्च के दौरान “बंगलादेशी घुसपैठियों को बाहर करो”, “भाषा के नाम पर ब्लैकमेलिंग नहीं चलेगी” जैसे गगनभेदी नारे लगाए गए।
मार्च शांतिपूर्ण रूप से सम्पन्न हुआ और यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि राज्य के लोग अपनी ज़मीन, संस्कृति और पहचान की सुरक्षा को लेकर सजग और एकजुट हैं।



