मुख्यमंत्री पर कथित हमले के विरोध में नगांव में भाजपा का जोरदार प्रदर्शन, विधायक रूपक शर्मा भी रहे मौजूद

नगांव 1 जुलाई(असम.समाचार)
विकास शर्मा
गोलाघाट में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा पर हुए कथित हमले के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को नगांव में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन नगांव म्युनिसिपल बोर्ड कार्यालय के सामने आयोजित किया गया, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी।
इस विरोध प्रदर्शन की खास बात यह रही कि नगांव के स्थानीय विधायक रूपक शर्मा स्वयं मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने मुख्यमंत्री के समर्थन में खुलकर अपनी आवाज बुलंद की। विधायक शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, “मुख्यमंत्री पर हमला असम की अस्मिता पर हमला है। हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे और दोषियों को जल्द सज़ा दिलाने की मांग करते हैं।”प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ता असमिया भाषा में लिखे बैनर और तख्तियां लिए हुए थे, जिनमें “मुख्यमंत्री पर हमले के विरोध में प्रोटेस्ट धरना” जैसे संदेश दर्ज थे। समर्थकों ने विपक्षी दलों के खिलाफ भी जोरदार नारेबाज़ी की और मुख्यमंत्री के साथ अपनी एकजुटता दिखाई।
भाजपा नेताओं ने इस हमले को सुनियोजित साजिश बताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सका।
उधर, गोलाघाट की घटना को लेकर जांच जारी है। फिलहाल आधिकारिक रूप से हमले की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन भाजपा इसे मुख्यमंत्री की सुरक्षा में गंभीर चूक मान रही है।