डिगारू में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतरे, सभी यात्री सुरक्षित

विकास शर्मा,
गुवाहाटी, 11 नवंबर 2026/असम.समाचार
असम के डिगारू रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना सामने आई। इस हादसे में ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि, रेलवे प्रशासन के अनुसार, घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे डिगारू रेलवे स्टेशन पर पहुंच रही थी। इस दौरान दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए ट्रेन को स्टेशन पर लिया जा रहा था। इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं कर सके, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे की ओर से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की गई है।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बहाली कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
इस दुर्घटना के कारण दो अन्य ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ है। ट्रेन संख्या 12067 गुवाहाटी-जोरहाट टाउन जनशताब्दी एक्सप्रेस को पनबाड़ी में तथा ट्रेन संख्या 15627 कोयंबटूर-सिलचर एक्सप्रेस को पानिखैती में नियंत्रित किया गया है।
रेलवे प्रशासन द्वारा घटनास्थल पर स्थिति सामान्य करने और रेल परिचालन बहाल करने के प्रयास जारी हैं।



