Blogअसमअसम.समाचार(स्पेशल)एक्सक्लूसिव खबरेंगुवाहाटीथर्ड आईधर्म और आस्थाराजस्थानराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरें

कोटा में स्थापित होगी वीर लाचित बरफुकन की भव्य प्रतिमा : रतन शर्मा

रतन शर्मा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य पूर्वोत्तर और राजस्थान के बीच निवेश एवं व्यापारिक संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल पूर्वोत्तर के प्रवासी राजस्थानी समाज, उद्यमियों, अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

विकास शर्मा,

गुवाहाटी 30 सितंबर 2026/असम.समाचार

राजस्थान फाउंडेशन (नॉर्थ ईस्ट चैप्टर) के अध्यक्ष रतन कुमार शर्मा ने कहा कि पूर्वोत्तर के ‘शिवाजी’ और राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक महान सेनापति वीर लाचित बरफुकन की भव्य प्रतिमा राजस्थान की शिक्षा एवं औद्योगिक नगरी कोटा में स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि 1671 के ऐतिहासिक सराईघाट युद्ध में लाचित बरफुकन के अदम्य शौर्य और पराक्रम ने देश के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है। उनकी वीरगाथा देश के युवाओं को राष्ट्रसेवा और पराक्रम की प्रेरणा देती रहेगी।

गुवाहाटी के होटल विवांता में आयोजित ‘प्रवासी राजस्थानी मीट’ के दौरान रतन शर्मा ने कहा कि वीर लाचित बरफुकन की शौर्यगाथा को राजस्थान के स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने की घोषणा ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने इसके लिए राजस्थान सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर और राजस्थान के बीच संबंध केवल व्यापार और निवेश तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों क्षेत्रों के बीच साझा संस्कृति, विश्वास, आत्मीयता और मातृभूमि के प्रति समर्पण की मजबूत भावना है।
मीट में राजस्थान सरकार के मंत्री के.के. विश्नोई, अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल तथा कमिश्नर मनीषा अरोड़ा (आईएएस) की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में पूर्वोत्तर के आठों राज्यों से पहुंचे प्रमुख उद्यमियों के साथ राजस्थान में निवेश, व्यापारिक साझेदारी और एमएसएमई इकोसिस्टम को मजबूत करने को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।

रतन शर्मा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य पूर्वोत्तर और राजस्थान के बीच निवेश एवं व्यापारिक संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल पूर्वोत्तर के प्रवासी राजस्थानी समाज, उद्यमियों, अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!