
विकास शर्मा,
गुवाहाटी, 29 सितंबर 2026/असम.समाचार
असम सरकार की पहल पर एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान एवं नियमित टीकाकरण को लेकर आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय समीक्षा एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को गुवाहाटी के होटल रैडिसन ब्लू में संपन्न हुआ। समापन समारोह में स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों और आशा कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीकाकरण मुख्य रूप से किशोरियों को लक्षित करते हुए किया जा रहा है और इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी स्तरों पर समन्वित प्रयास जरूरी हैं।
दो दिवसीय कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से स्वास्थ्य कर्मियों एवं आशा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान नियमित टीकाकरण तथा एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई और अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। टीकाकरण अभियान को सफलतापूर्वक लागू करने वाले जिलों के स्वास्थ्य कर्मियों एवं आशा कार्यकर्ताओं को उनके योगदान के लिए पुरस्कृत भी किया गया।
70 से 80 लाख महिलाओं की होगी कैंसर स्क्रीनिंग
कार्यक्रम के बाद होटल रैडिसन ब्लू में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने कैंसर की रोकथाम एवं उपचार के लिए राज्य में विशेष सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से ब्रेस्ट कैंसर पर ध्यान केंद्रित करते हुए राज्य में करीब 70 से 80 लाख महिलाओं की कैंसर स्क्रीनिंग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अब तक तीन लाख से अधिक महिलाओं की जांच की जा चुकी है, जिनमें करीब 400 महिलाओं में कैंसर की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि कैंसर स्क्रीनिंग की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क होगी।
मंत्री ने कहा कि वर्तमान में हर महीने करीब 4,000 महिलाओं की कैंसर स्क्रीनिंग की जा रही है और आने वाले समय में इस संख्या को और बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कैंसर की समय पर पहचान और उपचार के लिए नियमित जांच को महत्वपूर्ण बताया।



