Blogधर्म और आस्थामेघालय

वीर तेजाजी महाराज के नाम भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु

सुशील दाधीच,

शिलांग 25 सितंबर 2026/असम.समाचार

मेघालय जाट समाज के तत्वावधान में लोक देवता वीर तेजाजी महाराज के नाम भव्य भजन संध्या का आयोजन शुक्रवार को स्थानीय श्री राजस्थानी विश्राम भवन में किया गया। कार्यक्रम में वीर तेजाजी महाराज के भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और देर रात तक भजनों की स्वर लहरियों पर श्रद्धालु झूमते रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ वीर तेजाजी महाराज की अखंड ज्योत प्रज्वलित कर पंडित ब्रह्मदत्त शर्मा के मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। आयोजन स्थल का माहौल भक्तिमय नजर आया और उपस्थित श्रद्धालुओं ने वीर तेजाजी महाराज की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

मेघालय जाट समाज की ओर से शिलांग में पहली बार आयोजित इस भजन संध्या को लेकर समाज के कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को आमंत्रित किया तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया। प्रथम आयोजन में समाजबंधुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने एकता और भाईचारे का संदेश दिया।

आमंत्रित भजन गायकों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से ऐसी समा बांधी कि उपस्थित श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर नाचते-गाते नजर आए। महिलाओं ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। जाट समाज की महिलाओं ने कार्यक्रम में पहुंची महिलाओं का दुपट्टा ओढ़ाकर भावपूर्ण स्वागत किया।

कार्यक्रम में आमंत्रित कलाकारों का जाट समाज की ओर से शॉल एवं दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर शिलांग का मारवाड़ी समाज भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहा। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।

वीर तेजाजी महाराज के भक्तों की भारी उपस्थिति से पूरा कार्यक्रम उत्सव के माहौल में बदल गया। श्रद्धालुओं को भाव-विभोर होकर भक्ति में लीन देखकर आयोजक भी अभिभूत नजर आए। आयोजन के सफल होने पर मेघालय जाट समाज की ओर से सभी समाजबंधुओं एवं उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम का भावपूर्ण एवं प्रभावी मंच संचालन सुशील दाधीच ने किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!