कुर्सी पर डीसी, नजर चुनावी टिकट पर! गौरव गोगोई ने पूर्व नगांव डीसी पर साधा निशाना
कांग्रेस सांसद ने इस मुद्दे को केवल एक अधिकारी तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे असम की मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था पर हमला करने का जरिया बनाया।

डिंपल शर्मा,
नगांव, 8 सितंबर 2026/असम.समाचार
असम में होने वाले आगामी उपचुनावों से पहले नगांव की सियासत में प्रशासनिक कुर्सी से चुनावी मैदान तक का सफर राजनीतिक बहस का नया मुद्दा बन गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा सांसद गौरव गोगोई ने नगांव दौरे के दौरान पूर्व जिला आयुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी देवाशीष शर्मा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव लड़ने की महत्वाकांक्षा रखने वाले किसी अधिकारी का उसी दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी के पद पर बने रहना चुनावी निष्पक्षता पर सवाल खड़ा करता है।
गोगोई ने कहा कि अगर देवाशीष शर्मा को चुनाव लड़ने की इच्छा थी तो उन्हें काफी पहले अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए था। उनके मुताबिक, एक तरफ चुनावी उम्मीदवार बनने की तैयारी और दूसरी तरफ चुनाव कराने की जिम्मेदारी संभालना उचित नहीं है।
कांग्रेस सांसद ने इस मुद्दे को केवल एक अधिकारी तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे असम की मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था पर हमला करने का जरिया बनाया।
उन्होंने कहा कि राज्य में नियुक्तियों और भर्ती प्रक्रिया को लेकर युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है। गोगोई ने कांग्रेस शासन के दौरान शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) में पारदर्शिता का दावा करते हुए कहा कि उस समय हजारों युवाओं की नियुक्तियां हुई थीं, जबकि आज नियमितीकरण और अपने अधिकारों की मांग कर रहे शिक्षक एवं योग्य युवा गुवाहाटी की सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर हैं।
‘नौकरी मांगने वालों पर लाठी, अपराधियों पर लगाम कहां?’इसी अंदाज में गोगोई ने राज्य सरकार को घेरते हुए असम में महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ बढ़ते अपराधों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने ढिंग और नगांव के हालिया मामलों का जिक्र करते हुए पुलिस एवं प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
गोगोई ने कहा कि मुख्यमंत्री के पास गृह विभाग की जिम्मेदारी भी है और राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति के लिए सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।
महंगाई, सिंडिकेट और भ्रष्टाचार को लेकर भी कांग्रेस सांसद ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता अब इन मुद्दों से परेशान हो चुकी है और समागुरी समेत उपचुनाव वाली अन्य सीटों पर मतदाता सरकार को जवाब देने के लिए तैयार हैं।
उपचुनाव से पहले गोगोई का दावा ‘कांग्रेस और विपक्ष एकजुट’
गौरव गोगोई ने दावा किया कि कांग्रेस और संयुक्त विपक्ष जमीन पर एकजुट होकर काम कर रहे हैं और आगामी उपचुनावों में जनता सरकार के खिलाफ मजबूत जनादेश देगी।
पूर्व जिला आयुक्त को लेकर गोगोई के बयान के साथ ही नगांव में प्रशासनिक पद से राजनीतिक मैदान तक पहुंचने की संभावनाओं को लेकर सियासी चर्चा तेज हो गई है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि उपचुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ यह मुद्दा किस तरह चुनावी नैरेटिव का हिस्सा बनता है।



