Blogअसमथर्ड आईधर्म और आस्थाराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरेंशिक्षासामाजिक

नगांव में धूमधाम से मना नंद उत्सव, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

विकास शर्मा,

नगांव, 7 सितंबर 2026/असम.समाचार

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रविवार को हैबरगांव स्थित श्री सत्यनारायण ठाकुरबाड़ी मंदिर प्रांगण में भक्तवृंद एवं मायूमं (समृद्धि शाखा) के तत्वावधान में नंद उत्सव धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 6:30 बजे आरती के साथ हुआ। इससे पूर्व आरती की थाली सजाओ तथा लड्डू गोपाल सजाओ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं एवं युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के निर्णायक के रूप में सुलोचना तोदी एवं कुमकुम सोनी ने भूमिका निभाई।

लड्डू गोपाल सजाओ प्रतियोगिता में रिंकी पंसारी अग्रवाल ने प्रथम, दीपा जोगानी ने द्वितीय तथा मेघा अग्रवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। डोली लोहिया एवं प्रियंका बजाज को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं आरती की थाली सजाओ प्रतियोगिता में रिद्धि अग्रवाल प्रथम, मेघा अग्रवाल द्वितीय तथा रिद्धि पंसारी तृतीय रहीं।

सुसज्जित मंच पर रुचिका चौधरी ने गणेश वंदना पर नृत्य प्रस्तुत कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद श्रीकृष्ण बनो एवं राधा बनो प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 80 बच्चों ने हिस्सा लिया।

श्रीकृष्ण बनो प्रतियोगिता की 0 से 3 वर्ष आयु वर्ग में प्रभीक बजाज ने प्रथम, ऋद्धविक कुहाड़ ने द्वितीय तथा वैदेहि गग्गड़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 4 से 8 वर्ष आयु वर्ग में दिव्य अग्रवाल प्रथम, हानविक बजाज द्वितीय तथा क्रीदम बागड़ी तृतीय रहे।

राधा बनो प्रतियोगिता की 1 से 4 वर्ष आयु वर्ग में हानविका रुठिया प्रथम, रेबांसी शोभासरिया द्वितीय तथा मायरा अग्रवाल तृतीय रहीं। वहीं 5 से 8 वर्ष आयु वर्ग में आन्या पाल, तृषा गग्गड़ एवं नीर सुराणा ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं के निर्णायक के रूप में नीतू माहेश्वरी एवं बिंदिया अग्रवाल ने निर्णय दिया।

कार्यक्रम के दौरान निभा दुग्गड़, रौनक अग्रवाल एवं नियति चौधरी ने नृत्य प्रस्तुतियां दीं। वहीं मीनाक्षी नागरका, तृषा सुराणा, सौम्या प्रजापत एवं मुस्कान चौधरी द्वारा प्रस्तुत नृत्य-नाटिका ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मंच संचालन अरुण नागरका, मानसी बजाज, दीपिका वर्मा एवं मीनाक्षी नागरका ने बारी-बारी से किया।

नंद उत्सव के दौरान भगवान लड्डू गोपाल को 56 व्यंजनों का छप्पन भोग अर्पित किया गया तथा बाद में प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। प्रतियोगिताओं के पुरस्कार किशन इंदिरा फाउंडेशन द्वारा प्रायोजित किए गए।

कार्यक्रम को सफल बनाने में भक्तवृंद के महेंद्र बगड़िया, पवन बगड़िया, सुरेंद्र करवा, राजेश अग्रवाल सहित अनेक सदस्यों का सहयोग रहा। कार्यक्रम के समापन पर मटकी फोड़ उत्सव आयोजित किया गया। इसके बाद मंदिर प्रांगण में ही श्रद्धालुओं के लिए रात्रि भोजन की व्यवस्था की गई।

यह जानकारी भक्तवृंद के सदस्य अरुण नागरका ने दी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!