केक कटा, गीत गूंजे और गांवों को मिला 65 करोड़ का तोहफा

गोविंद शर्मा,
शिलांग 14 अगस्त 2026/असम.समाचार
जन्मदिन पर आमतौर पर केक काटे जाते हैं और शुभकामनाओं का दौर चलता है, लेकिन मेघालय के दक्षिण शिलांग विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को कुछ अलग ही नजारा देखने को मिला। राज्य मंत्री एवं दक्षिण शिलांग के विधायक बह सैनबोर शुल्लई ने अपना 60वां जन्मदिन क्षेत्र की जनता के साथ मनाया और इसी मौके पर विभिन्न गांवों में विकास कार्यों के लिए 65 करोड़ 45 लाख 17 हजार 213 रुपये की योजनाओं का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत फादर रिचर्ड माजॉ की प्रार्थना से हुई। इसके बाद सैनबोर शुल्लई ने अपनी पत्नी के साथ 60वें जन्मदिन का केक काटा। कार्यक्रम में KHADC के नेता प्रतिपक्ष बह टी.डब्ल्यू. चाइन, मेघालय BJP अध्यक्ष रिकमैन जी. मोमिन, धार्मिक नेता, BJP पदाधिकारी, गांवों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
जन्मदिन पर विकास योजनाओं की सौगात
समारोह के बाद सैनबोर शुल्लई ने दक्षिण शिलांग विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में विकास कार्यों के लिए ₹65,45,17,213 की योजनाओं का शुभारंभ किया। इन योजनाओं के जरिए क्षेत्र में अलग-अलग विकास कार्यों को गति देने का लक्ष्य है।
इस अवसर पर शुल्लई ने मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा के साथ मुख्य सचिव प्रेस्टोन टाइनसॉन्ग और स्नियावभालांग धर का विभिन्न योजनाओं के लिए सहयोग देने पर आभार जताया। उन्होंने सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों, गांव के नेताओं और क्षेत्रवासियों को भी लगातार सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
जन्मदिन में दिखी लोक संस्कृति की रंगत
समारोह केवल राजनीतिक और विकास कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा। युवाओं ने गीत और नृत्य की प्रस्तुतियां देकर माहौल में उत्सव की रंगत भर दी। जन्मदिन की बधाई देने और उपहार लेकर पहुंचने वालों का सिलसिला भी जारी रहा।
यानी इस बार सैनबोर शुल्लई का 60वां जन्मदिन सिर्फ केक और शुभकामनाओं तक सीमित नहीं रहा जन्मदिन का जश्न विकास योजनाओं की बड़ी सौगात में बदल गया।



