जूतों में छिपा था करोड़ों का सोना, सूमो से सफर कर रहा था शख्स; श्रीभूमि पुलिस ने दबोचा

करुणा देव,संवाददाता
श्री भूमि 11 अगस्त 2026/असम.समाचार
जूते पहनकर सफर करना तो आम बात है, लेकिन किसी के जूतों के अंदर करोड़ों रुपये का सोना छिपा हो, तो मामला चौंकाने वाला जरूर है। असम के श्रीभूमि जिले में पुलिस ने ऐसे ही एक मामले का पर्दाफाश करते हुए 760 ग्राम सोने के 15 बिस्किट बरामद किए हैं, जिनकी बाजार कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, एक गुप्त सूचना के आधार पर पथरकंडी पुलिस ने अभियान चलाकर एक सूमो वाहन को रोका और तलाशी ली। इस दौरान असलम श्वेख इम्तियाज नामक व्यक्ति को कथित तौर पर 15 सोने के बिस्किट के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी महाराष्ट्र का रहने वाला है और कथित तौर पर मिजोरम के आइजोल से श्रीभूमि जिले के अचिमगंज की ओर सूमो वाहन से आ रहा था। उसने सोने के बिस्किट अपने जूतों के अंदर छिपा रखे थे।
वाहन को जब्त कर उसकी तलाशी ली गई, जिसके बाद कुल 760 ग्राम सोने के बिस्किट बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, बरामद सोने की मौजूदा बाजार कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि सोना कहां से लाया गया था, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
जूतों के अंदर छिपाकर सोना ले जाने का यह तरीका सामने आने के बाद पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



