सुलभ मूल्य पर मसूर दाल और चीनी वितरण योजना फिर शुरू
रोहा के कमारजान गांव में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने किया शुभारंभ गरीब जनता को और अधिक सहायता देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध; जल्द सस्ती दर पर नमक और खाद्य तेल उपलब्ध कराने की पहल-हिमंत

डिंपल शर्मा,
नगांव 10 अगस्त 2026/असम.समाचार
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को रोहा विधानसभा क्षेत्र के कमारजान गांव स्थित सुरेन पाटर की सुलभ मूल्य की दुकान के परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के लाभार्थियों के लिए बाजार से कम कीमत पर मसूर दाल और चीनी वितरण योजना का पुनः शुभारंभ किया।
योजना के तहत लाभार्थियों को मसूर दाल 70 रुपये प्रति किलोग्राम और चीनी 30 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से मिलेगी। मुफ्त चावल के साथ सस्ती दर पर दाल और चीनी उपलब्ध होने से राज्य के गरीब परिवारों की पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
सरकार के अनुसार, इस योजना से पूरे असम में 70 लाख से अधिक परिवारों के करीब 2,48,11,645 लोग लाभान्वित होंगे। नगांव जिले में 3,85,299 परिवारों के 15,83,080 लोगों, जबकि रोहा विधानसभा क्षेत्र में 61,614 परिवारों के करीब 2.36 लाख लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
जल्द मिलेगा सस्ता नमक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद बजट पारित होने तक पिछली सरकार द्वारा संचालित कई योजनाएं बंद थीं। जुलाई में बजट पारित होने के बाद 1 अगस्त से अरुणोदय योजना को फिर शुरू किया गया। वहीं, 6 अगस्त को मुख्यमंत्री की निजुत मोइना और मुख्यमंत्री की निजुत बाबू योजनाओं के आवेदन पत्र वितरित किए गए।
उन्होंने कहा कि आज रोहा से सस्ती दर पर मसूर दाल और चीनी वितरण योजना भी फिर शुरू की गई है। ऊपरी असम में बाढ़ की स्थिति के कारण कार्यक्रम को सादगीपूर्ण तरीके से आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि तकनीकी कारणों से फिलहाल नमक उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, लेकिन कुछ दिनों के भीतर सस्ती दर पर नमक की आपूर्ति भी शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह की 1 से 10 तारीख तक चलने वाले अन्न सेवा सप्ताह के दौरान लोगों को मुफ्त चावल के साथ सस्ती दर पर दाल और चीनी खरीदने की सुविधा मिलेगी।
सस्ते खाद्य तेल का भी वादा
मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने कहा कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान किए गए वादे के अनुसार सुलभ मूल्य पर खाद्य तेल उपलब्ध कराने के लिए सरकार कदम उठाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि अरुणोदय योजना से छूटे हुए परिवारों को योजना में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
ऊपरी असम में आई भीषण बाढ़ के कारण सरकार का काफी ध्यान राहत एवं बचाव कार्यों पर केंद्रित था, जिसके चलते कई विकास कार्य प्रभावित हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बाढ़ की स्थिति में सुधार हो रहा है और सरकार जनता की आशाओं एवं आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए जनकल्याणकारी कार्यों को गति देगी।
अगले पांच वर्षों में रोहा के विकास का भरोसा
मुख्यमंत्री ने दाल, चीनी और नमक की सस्ती दर पर आपूर्ति योजना को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली सहकारी समितियों और सुलभ मूल्य की दुकानों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जनता के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं और आने वाले दिनों में गरीब जनता को इससे भी अधिक सहायता देने के लिए सरकार प्रयासरत रहेगी।
उन्होंने रोहा विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए अगले पांच वर्षों में व्यापक स्तर पर कार्य करने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम में कृषि आदि विभाग के मंत्री पीयूष हजारिका, खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री कौशिक राय, विधायक शशिकांत दास, रूपक शर्मा और जीतू गोस्वामी सहित कई जनप्रतिनिधि, विशिष्ट व्यक्ति एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



