Blogअसमअसम.समाचार(स्पेशल)थर्ड आईनार्थ-ईस्टप्रशासनराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरें

तिरंगे की आन-बान-शान के साथ नगांव तैयार, 15 अगस्त तक होंगे कई आयोजन

डिंपल शर्मा,

नगांव 10 अगस्त 2026/असम.समाचार

देश के अन्य हिस्सों के साथ नगांव जिले में भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ हो गया है। अभियान के तहत जिले में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा ने सोमवार को जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कार्यक्रमों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 12 अगस्त को नगांव शहर से बाइक रैली निकाली जाएगी। जिला सड़क सुरक्षा समिति के तत्वावधान में आयोजित यह रैली जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों में स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति जागरूकता पैदा करेगी।

इसके अलावा 13 अगस्त को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जबकि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर शाम को मोमबत्ती जुलूस निकाला जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव तथा ‘वंदे मातरम्’ गीत के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस को विशेष रूप से मनाने की तैयारी की गई है।

जिला आयुक्त ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विद्यार्थियों के बीच वाद-विवाद और क्विज प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं।

नगांव के शहीद भवन में ‘वंदे मातरम्’ तथा विभाजन की विभीषिका से संबंधित प्रदर्शनियां भी लगाई गई हैं।
जिला आयुक्त ने जिलेवासियों से अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व और देशभक्ति का अवसर है।

15 अगस्त को नगांव शहर के नूरुल अमीन स्टेडियम में जिला स्तरीय केंद्रीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित होगा। समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों को सम्मानित करने के साथ-साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विशिष्ट हस्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

संवाददाता सम्मेलन में अतिरिक्त आयुक्त मृदुल बोड़ो और कमलजीत शर्मा, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विकास शर्मा तथा सहायक आयुक्त उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!