
निरंजन सरावगी/संवाददाता
होजाई, 17 दिसंबर 2025/असम.समाचार
स्थानीय थाना क्षेत्र के दिघलबाली इलाके में स्थित आर.के. ईंट भट्ठे में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ईंट भट्ठे में कार्यरत एक नाबालिग चालक द्वारा चलाए जा रहे ट्रैक्टर की टक्कर से वहां काम कर रहे कर्मचारी नंद सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक नंद सिंह होजाई के गुचरा बस्ती का निवासी था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नील सिंह के स्वामित्व वाले आर.के. ईंट भट्ठे में सुबह से कार्य चल रहा था। इसी दौरान ईंटों से लदा ट्रैक्टर साइट करने के लिए ले जाया जा रहा था, जिसे शिशु कानून का उल्लंघन करते हुए एक नाबालिग चला रहा था। ट्रैक्टर की चपेट में आने से लंबे समय से भट्ठे में कार्यरत कर्मचारी नंद सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। उल्लेखनीय है कि होजाई के विभिन्न ईंट भट्ठों में लंबे समय से शिशु श्रम कानून का उल्लंघन करते हुए नाबालिगों से ट्रैक्टर चलवाने और उन्हें भट्ठों में काम पर लगाने के आरोप लगते रहे हैं। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद इन आरोपों पर ठोस कार्रवाई न होने की बातें भी सामने आती रही हैं। आर.के. ईंट भट्ठे की इस घटना ने इन आरोपों को एक बार फिर सच साबित कर दिया है।
इसके अलावा ईंट भट्ठों में बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर चलाए जाने के आरोप भी लगते रहे हैं, जिसकी पुष्टि आज आर.के. ईंट भट्ठे में कार्यरत एक नंबर प्लेट रहित ट्रैक्टर के माध्यम से हुई।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दौरान भट्ठा मालिक नील सिंह ने कहा कि “साइट के भीतर ट्रैक्टर नाबालिग चलाते हैं, जबकि सड़क पर अलग चालक वाहन चलाते हैं,” लेकिन उन्होंने शिशु श्रम कानून के उल्लंघन के आरोपों पर स्पष्ट जवाब देने से परहेज किया।
अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई करता है और क्या ईंट भट्ठों में लंबे समय से जारी शिशु श्रम व अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सकेगी।



