मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जुबीन गर्ग के निधन पर जताया गहरा शोक, मुख्यमंत्री ने आज अपने सभी कार्यक्रम रद्द किए

विकास शर्मा/कनक बोड़ो
गुवाहाटी/कोकराझार, 19 सितम्बर 2025/असम.समाचार
असम के लोकप्रिय गायक और सांस्कृतिक प्रतीक जुबीन गर्ग के अचानक निधन की खबर ने पूरे प्रदेश और दुनिया भर में मौजूद उनके प्रशंसकों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, जो इस समय बोडोलैंड टेरिटोरियल रीजन में चुनाव प्रचार पर थे, जैसे ही इस दुखद समाचार की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए।
मुख्यमंत्री ने गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा “प्रिय जुबीन अब इस दुनिया में नहीं रहे। इससे अधिक हृदयविदारक समाचार और कोई नहीं हो सकता।” शोकाकुल मुख्यमंत्री ने प्रचार अभियान बीच में छोड़कर गुवाहाटी लौटने का निर्णय लिया।
जुबीन गर्ग, जिन्हें अक्सर ‘असम का दिल’ कहा जाता था, केवल गायक ही नहीं बल्कि असमिया पहचान और गौरव का प्रतीक थे। उनके असमय निधन से राज्य की सांस्कृतिक धारा में एक गहरी शून्यता उत्पन्न हो गई है।




