उत्तर बंग गौड़ ब्राह्मण सेवा ट्रस्ट का दीपावली मिलन समारोह 3.0 भव्य रूप से संपन्न,
समाज को एकजुट करने और भावी पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने पर जोर

विकास शर्मा,
सिलीगुड़ी, उत्तर बंगाल 17 नवंबर 2026/असम.समाचार
दीपावली केवल प्रकाश और उत्सव का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सामाजिक समरसता, एकजुटता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का अवसर भी है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए उत्तर बंग गौड़ ब्राह्मण सेवा ट्रस्ट की ओर से शनिवार को सिलीगुड़ी के ऋषि भवन में ‘दीपावली मिलन समारोह 3.0’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में उत्तर बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों सहित पड़ोसी भूटान से भी समाज के प्रतिनिधियों, ट्रस्टियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के लोगों को एक साझा मंच पर जोड़ना, संगठनात्मक मजबूती को बढ़ावा देना, सामाजिक सहभागिता का विस्तार करना तथा गौड़ ब्राह्मण समाज की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक परंपराओं और वैदिक संस्कारों के संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प को मजबूत करना रहा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिक्किम के राजगुरु पंडित सुरेश चहड़िया उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी दिलीप शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए समाज की एकता, प्रगति और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह को विशेष गरिमा प्रदान करते हुए गौरवशाली गौड़ ब्राह्मण परिवार के प्रतिष्ठित उद्योगपति, प्रख्यात भामाशाह एवं समाजसेवी रतन जी शर्मा (गुवाहाटी, असम) ने अपना आत्मीय वीडियो संदेश प्रेषित किया। उन्होंने दीपावली मिलन समारोह की सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए समाज को संगठित करने की इस पहल की सराहना की। इसी अवसर पर रतन शर्मा उत्तर बंग गौड़ ब्राह्मण सेवा ट्रस्ट के ट्रस्टी भी बने तथा ट्रस्ट के उद्देश्यों, सामाजिक उत्थान और सांस्कृतिक संरक्षण के संकल्प में साथ देने एवं भविष्य में अपना सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। उनके इस जुड़ाव को ट्रस्ट के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है*
इस अवसर पर ट्रस्ट के सचिव मनोज शर्मा ‘गौड़’ ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल सामाजिक मेल-मिलाप तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक सेवा और आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़ने के लिए ठोस एवं स्थायी कार्य करना है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, संस्कार, शिक्षा और अपनी सांस्कृतिक पहचान के प्रति जागरूकता में निहित होती है। इसी सोच के साथ ट्रस्ट समाज को संगठित कर भावी पीढ़ियों के लिए एक सशक्त आधार तैयार करने की दिशा में कार्यरत है।
उन्होंने बताया कि ट्रस्ट की प्रमुख भावी योजनाओं में वैदिक एवं संस्कृत शिक्षा पर आधारित गुरुकुल तथा गौशाला की स्थापना शामिल है। गुरुकुल के माध्यम से आधुनिक शिक्षा के साथ वैदिक ज्ञान, संस्कृत, भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों का समन्वय स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि नई पीढ़ी आधुनिकता के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं से भी जुड़ी रहे। इस महत्वपूर्ण संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए वर्ष 2027 में उपयुक्त भूमि क्रय करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के विस्तार, समाज के अधिकाधिक परिवारों की भागीदारी सुनिश्चित करने, भावी योजनाओं को व्यवस्थित रूप से क्रियान्वित करने तथा सामूहिक प्रयासों से सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जयगांव से आए नीतीचंद दीक्षित, भूटान से तुलसी राम शर्मा, ट्रस्ट के आजीवन सलाहकार राधेश्याम शर्मा तथा ऋषि भवन के सचिव राजनेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

समारोह का समापन आपसी आत्मीयता, सामाजिक एकता और भविष्य के प्रति सकारात्मक संकल्प के साथ हुआ। दीपावली मिलन समारोह 3.0 ने यह संदेश दिया कि जब समाज अपनी विरासत, संस्कारों और सामूहिक जिम्मेदारियों को लेकर एकजुट होता है, तभी संगठन एक विचार से आगे बढ़कर एक सशक्त सामाजिक आंदोलन का रूप लेता है।
उत्तर बंग गौड़ ब्राह्मण सेवा ट्रस्ट का संकल्प है कि शिक्षा, संस्कृति, सेवा और संगठन की शक्ति के माध्यम से समाज की गौरवशाली विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जाए।



