समाजसेवी प्रेम नाहटा सहित सात लोगों को मिला ‘दिनेश सिंह कर्मवीर सम्मान’ ,छठ घाट पर सम्मान, संस्कृति और ज्ञान का अनूठा संगम
सूर्य षष्ठी समाज कल्याण समिति का आयोजन, श्याम बाबू साह को मिला बेस्ट प्रेसिडेंट पुरस्कार

डिंपल शर्मा,
नगांव 16 नवंबर 2026/असम.समाचार
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर सूर्य षष्ठी समाज कल्याण समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भक्ति, सामाजिक सम्मान और सांस्कृतिक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। छठी मैया के प्रति श्रद्धा और उत्साह के बीच हजारों की संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम के साक्षी बने।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण समाज के प्रति उल्लेखनीय योगदान देने वाली सात विभूतियों को प्रतिष्ठित ‘दिनेश सिंह कर्मवीर सम्मान’ से सम्मानित करना रहा। इस सम्मान से गोलाप सैकिया, स्वराज नाथ, प्रेम कुमार नाहटा, स्व. लाल बाबू सिंह, स्व. रामचंद्र गिरी गोस्वामी, धर्मनाथ प्रसाद तथा शंकर यादव को सम्मानित किया गया। वहीं, संगठनात्मक नेतृत्व और सामाजिक गतिविधियों में योगदान के लिए सभापति श्याम बाबू साह को ‘बेस्ट प्रेसिडेंट पुरस्कार’ प्रदान किया गया।
समारोह में आमंत्रित समाज के अन्य अतिथियों का भी असमिया परंपरा के अनुरूप पारंपरिक तरीके से सम्मान किया गया। इस पहल ने असम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सौहार्द की खूबसूरत झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में एक अनूठी पहल ने श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान आकर्षित किया। घाट किनारे पहुंचे छठ व्रतियों और भक्तों से रंजीत शर्मा ने छठ पर्व, परंपराओं और सामान्य ज्ञान से जुड़े रोचक सवाल पूछे। सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों को समिति की ओर से पुरस्कृत किया गया। भक्ति के माहौल में ज्ञान और सहभागिता का यह आयोजन लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।

पूरे कार्यक्रम का मंच संचालन रविंद्र शाह ने प्रभावशाली अंदाज में किया। सम्मान समारोह से लेकर रोचक प्रश्नोत्तरी तक, हर गतिविधि में श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
दरअसल, यह आयोजन केवल धार्मिक उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज की उन विभूतियों को सम्मान देने का अवसर भी बना, जिन्होंने अपने कार्यों से सामाजिक जीवन में विशिष्ट पहचान बनाई। छठी मैया की आराधना के बीच सम्मान, परंपरा और जनभागीदारी का यह संगम समारोह को यादगार बना गया।



