Blogअसमथर्ड आईधर्म और आस्था

होजाई में छठ महापर्व की तैयारियां अंतिम चरण में, घाटों की सफाई और सजावट जारी

नया बाजार घाट एवं शिव मंदिर पोखरा में उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब, सूर्य सृष्टि व्रत समिति का गठन

निरंजन सरावगी,

होजाई, 14 नवंबर 2026/असम.समाचार

होजाई जिले में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शहर के नया बाजार घाट एवं शिव मंदिर पोखरा सहित विभिन्न छठ घाटों पर साफ-सफाई और सजावट का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। कई दिनों से चल रहे सफाई अभियान के साथ घाटों को आकर्षक रूप दिया जा रहा है। छठ महापर्व के अवसर पर हजारों की संख्या में व्रती एवं श्रद्धालु इन घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे।

नया बाजार पोखरी पर विशेष रूप से सफाई और घाटों की सजावट का कार्य किया जा रहा है। आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सूर्य सृष्टि व्रत समिति का गठन भी किया गया है। समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता तथा सचिव रणजीत गुप्ता बनाए गए हैं। वहीं अंकुर गुप्ता को उपाध्यक्ष, कुमार कीर्ति एवं राजेश कुमार को सह सचिव, वीरेंद्र कुमार को कोषाध्यक्ष, राजेश कुमार को लेखा परीक्षक तथा सोनू कुमार को सांस्कृतिक सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा विनोद कुमार गुप्ता, संजय गुप्ता, सुनील कुमार गुप्ता, चंदन गुप्ता, विकास गुप्ता, नवीन गुप्ता, राज कुमार ठाकुर एवं विश्वजीत सिंह सहित अन्य सदस्यों को कार्यकारिणी समिति में शामिल किया गया है।

छठ महापर्व को लेकर जिले के विभिन्न इलाकों में भी उत्साह का माहौल है। मिलिक बस्ती, आमतोला, सिलीगुड़ी बस्ती, तेली बस्ती, करीखाना, मंडोली, लंका एवं लामडिंग सहित कई स्थानों पर श्रद्धालु पर्व की तैयारियों में जुटे हैं। पूरे जिले में छठ गीतों और धार्मिक उल्लास के बीच लोक आस्था के इस महापर्व को धूमधाम से मनाने की तैयारियां की जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!