घर से निकले बीजेपी बूथ अध्यक्ष, फिर मिली लाश—श्रीभूमि में हत्या के बाद तनाव

करुणा देव,
श्रीभूमि 14 अगस्त 2026/असम.समाचार
असम के श्रीभूमि जिले में BJP के बूथ अध्यक्ष विकास धर की हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। बजारीचारा थाना क्षेत्र के चगलमोआ गांव निवासी 52 वर्षीय विकास धर बुधवार को एक फोन कॉल आने के बाद बाइक से घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। उनका मोबाइल भी बंद मिला। परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान विकास धर का शव त्रिपुरा सीमा के निकट योगीचारा इलाके में एक खाली मकान से बरामद हुआ। शव पर चोट के कई निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए दो संदिग्धों—बदरुल हक और साहब उद्दीन—को गिरफ्तार किया।
आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस पर हमला
शुक्रवार सुबह मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर हमला किए जाने की बात सामने आई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एक आरोपी के पैर में गोली चलाई। घायल आरोपी को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी के भी घायल होने की सूचना है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए DIG जयश्री खेरसा और SSP लीना दलोय मौके पर पहुंचीं। विकास धर के शव को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच थाने लाया गया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
मंत्री भी पहुंचे थे परिवार के पास
विकास धर के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद राज्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक कृष्णेंदु पाल भी बजारीचारा बाजार पहुंचे थे। उन्होंने परिवार से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली और जिला प्रशासन तथा पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर लापता व्यक्ति की जल्द तलाश करने की मांग की थी।लेकिन तलाश का अंत विकास धर की मौत की खबर के साथ हुआ।
हत्या के बाद कई इलाकों में आगजनी और तोड़फोड़
घटना की खबर फैलते ही इलाके में तनाव बढ़ गया। अलग-अलग स्थानों पर कुछ घरों में आगजनी और तोड़फोड़ किए जाने की सूचना सामने आई है। स्थिति को देखते हुए इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और हत्या के पीछे की वजह तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। फिलहाल इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है।



