राजस्थान पत्रकार दल का गुवाहाटी आगमन, बीकानेर नागरिक मंच ने किया स्वागत

गुवाहाटी, 4 सितंबर 2025/असम.समाचार
राजस्थान प्रदेश के एक बड़े पत्रकार दल का हाल ही में गुवाहाटी आगमन हुआ। इस अवसर पर बीकानेर नागरिक मंच, गुवाहाटी द्वारा दल के साथ शिष्टाचार भेंट कर सभी पत्रकारों का स्वागत व सम्मान किया गया।

एक स्थानीय होटल में आयोजित कार्यक्रम में मंच के अध्यक्ष बाबूलाल नवलखा और सचिव रजत स्वामी ने असम की संस्कृति, विकास कार्यों तथा यहां रह रहे राजस्थानी प्रवासियों के योगदान पर प्रकाश डाला और मंच की गतिविधियों की जानकारी दी।
पत्रकार दल ने बीकानेर नागरिक मंच के प्रयासों की सराहना करते हुए मंच के विकास हेतु सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही प्रवासी समाज के योगदान की प्रशंसा कर असमवासियों को शुभकामनाएं दीं।

पत्रकार दल में राजस्थान पत्रिका, दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, हिंदुस्तान टाइम्स, आज तक, दैनिक जलते दीप, जी राजस्थान, दूरदर्शन, एएनआई, राष्ट्रदूत सहित प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों से जुड़े 30 पत्रकार शामिल थे।
इस दल ने हाल ही में 51 किलोमीटर लंबी बैराबी–सैरांग रेलवे लाइन (मिजोरम) का निरीक्षण किया था, जो रेल मंत्रालय द्वारा आयोजित दौरे का हिस्सा था। वापसी के दौरान दल ने गुवाहाटी में रुककर मां कामाख्या देवी के दर्शन किए और तत्पश्चात सकुशल अपने गृह क्षेत्र लौट गए।
कार्यक्रम के लिए पत्रकार दल की ओर से मानक पत्रिका एवं दैनिक जलते दीप के प्रबंध संपादक दीपक मेहता ने आभार व्यक्त किया।
इस आशय की जानकारी मंच के सचिव रजत स्वामी ने एक प्रेस नोट के माध्यम से दी।



