कोकराझार में आईईडी विस्फोट से रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त,
सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेर लिया है और रेलवे ट्रैक की मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विस्फोट के पीछे किस संगठन का हाथ हो सकता है।

कनक चन्द्र बोड़ो
कोकराझार, 23 अक्तूबर 2025/असम.समाचार
असम के कोकराझार जिले में बुधवार देर रात एक शक्तिशाली आईईडी विस्फोट से रेलवे ट्रैक को भारी नुकसान पहुंचा, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह धमाका कोकराझार रेलवे स्टेशन से करीब पांच किलोमीटर पूर्व सलाकाटी की दिशा में हुआ। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि रेलवे ट्रैक का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते सुरक्षा कारणों से तत्काल अप और डाउन दोनों दिशाओं में रेल यातायात स्थगित कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, सुरक्षा बल और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी। इस दौरान कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों में बेचैनी और असुविधा की स्थिति उत्पन्न हो गई।
घटनास्थल पर पहुंचे आईजीपी विवेक राज सिंह ने बताया कि, “हम मामले की गहन जांच कर रहे हैं। इसमें जो भी संगठन, समूह या व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसे गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।”
उन्होंने पुष्टि की कि यह एक आईईडी ब्लास्ट था। घटना के बाद पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और खोजी कुत्तों की मदद ली जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेर लिया है और रेलवे ट्रैक की मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विस्फोट के पीछे किस संगठन का हाथ हो सकता है।





