अपराध

कोकराझार में स्पा और सैलून की आड़ में चल रहे अनैतिक गतिविधियों पर पुलिस का शिकंजा, 16 गिरफ्तार

कोकराझार, 4 जुलाई (असम.समाचार)

कनक चन्द्र बोरो

कोकराझार शहर के आरएनबी रोड स्थित रॉयल स्पा सैलून और रिलैक्स यूनिसेक्स पार्लर में अनैतिक गतिविधियों की शिकायतों के बाद पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों प्रतिष्ठानों पर छापा मारा।

पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाया गया। पुलिसकर्मी ग्राहकों के वेश में दोनों सैलून में पहुंचे और रंगे हाथों अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त 16 पुरुषों और महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। सभी को पूछताछ के लिए कोकराझार सदर थाना लाया गया है।

रिलैक्स यूनिसेक्स पार्लर में खास तौर पर एक सेक्स रैकेट चलने की आशंका जताई गई थी। प्रारंभिक जांच में इसके प्रमाण भी मिले हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई कोकराझार शहर में तेजी से बढ़ते यूनिसेक्स पार्लरों पर लगाम कसने की दिशा में एक पहल है, जिन पर प्रशासन की निगरानी बेहद कम है और जहां गैरकानूनी गतिविधियों के पनपने की आशंका बनी रहती है।

कार्रवाई के बाद डीएसपी कोकराझार देबोजीत महंत ने मीडिया से बातचीत में कहा,
“यह तो सिर्फ शुरुआत है। हम ऐसे अवैध धंधों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। शहर में संचालित सभी स्पा और पार्लर की कड़ी जांच की जाएगी और जो भी कानून तोड़ता पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

स्थानीय नागरिकों ने भी इस कार्रवाई पर संतोष जताते हुए प्रशासन से ऐसे प्रतिष्ठानों की नियमित निगरानी और लाइसेंसिंग प्रक्रिया को सख्त करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित गिरफ्तारियों से इंकार नहीं किया गया है।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!