प्लास्टिक बैन बेअसर! कई जिलों में करोड़ों का अवैध कारोबार
विकास शर्मा, संवाददाता, गुवाहाटी

गुवाहाटी 27 जनवरी 2026/असम.समाचार
गोलाघाट, सोनितपुर, नगांव, कार्बी आंगलोंग,बरपेटा सहित असम के कई सीमावर्ती जिलों में सरकार द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक के अवैध कारोबार का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय होने की जानकारी सामने आई है।
सूत्रों के अनुसार, नगांव जिले के “आयुष”और बरपेटा जिले में “दास” उपाधि नामक प्लास्टिक व्यापारियों द्वारा इन जिलों में करोड़ों रुपये का अवैध प्लास्टिक व्यवसाय संचालित किया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार यह युवक दिल्ली एवं राज्य के अन्य बाहरी क्षेत्रों से बिना वैध इनवॉइस और चालान के प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री मंगवाकर, जीएसटी की कथित चोरी करते हुए लंबे समय से बेरोकटोक कारोबार चला रहा है।
सूत्रों का दावा है कि संबंधित इलाकों में यह नेटवर्क प्रतिबंधित प्लास्टिक की अवैध कालाबाजारी का सबसे बड़ा केंद्र बन चुका है।
बताया जा रहा है कि पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड, जिला प्रशासन तथा अन्य संबंधित विभागों की निगरानी से बचते हुए यह कारोबार संचालित किया जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर इस अवैध गतिविधि को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, वहीं प्रशासनिक निष्क्रियता पर भी उंगलियां उठाई जा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में गुवाहाटी में प्रशासन द्वारा चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान करोड़ों रुपये मूल्य की प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई थी। इसके बावजूद अन्य जिलों में इस प्रकार का अवैध कारोबार जारी रहने की सूचनाएं चिंताजनक मानी जा रही हैं।
प्लास्टिक नियंत्रण विभाग एवं संबंधित विभागों के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, राज्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग और व्यापार पर पूर्ण रोक है, इसके बावजूद इस तरह के नेटवर्क का सक्रिय रहना नियमों की खुलेआम अवहेलना को दर्शाता है। स्थानीय सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।


