विकास, संस्कृति और स्वच्छता पर केंद्रित रहा विधायक रूपक शर्मा का संवाद
मन की बात में नगांव की सराहना पर विधायक ने जताई खुशी

डिंपल शर्मा,संवाददाता, नगांव
नगांव 2 फ़रवरी 2026/असम.समाचार
नगांव शहर के एक होटल में विधायक रूपक शर्मा की ओर से पत्रकारों के सम्मान में आयोजित ‘भोगालीर एखाज’ कार्यक्रम से पूर्व एक संवाद सत्र का आयोजन किया गया।
इस दौरान विधायक शर्मा ने नगांव–बटद्रवा विधानसभा क्षेत्र में पिछले पाँच वर्षों में हुए प्रमुख सांस्कृतिक एवं विकासात्मक कार्यों की जानकारी दी।

विधायक ने बताया कि शीघ्र ही खगेन महंत प्रेक्षागृह में एक सार्वजनिक सभा आयोजित कर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा जनता के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के 57वें जन्मदिवस के अवसर पर 9 फरवरी तक ‘उन्नयन की यात्रा’ कार्यक्रम के तहत नगांव नगरपालिका क्षेत्र में 17.39 करोड़ रुपये की लागत से 135 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक ने लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत पुनर्निर्मित छह सड़कों के उद्घाटन तथा रूपकुंवर चौक पर ज्योतिप्रसाद अग्रवाल की प्रतिमा के शीघ्र अनावरण की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने बताया कि भूपेन हाज़रिका कलातीर्थ, जुबिन गर्ग स्मृति उद्यान सहित शहर के सौंदर्यीकरण से जुड़ी कई योजनाएं फरवरी में जनता के लिए खोल दी जाएंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ में नगांव को स्वच्छ शहर के रूप में उल्लेखित किए जाने पर विधायक ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पौरसभा के सफाई कर्मियों की सराहना की।
कार्यक्रम में पौरपति अंबिका मजूमदार, उपाध्यक्ष सीमांत बोरा सहित लगभग सौ पत्रकार उपस्थित रहे। सभी पत्रकारों का विधायक द्वारा सम्मान किया गया।


