सम्मेलन ने किया राष्ट्रीय संगठन मंत्री बसंत सुराणा का अभिनंदन
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री रमेश कुमार चांडक ने किया। समारोह में प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा, पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. श्याम सुंदर हरलालका, राष्ट्रीय संगठन मंत्री बसंत सुराणा एवं उनकी धर्मपत्नी कविता सुराणा को ससम्मान मंचासीन किया गया।

सोनल शर्मा
गुवाहाटी, 27 सितम्बर 2025/असम.समाचार
अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पूर्वोत्तर के वरिष्ठ समाजसेवी बसंत सुराणा को राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री का दायित्व सौंपे जाने पर पूर्वोत्तर सम्मेलन परिवार में हर्ष की लहर दौड़ गई। इसी उपलक्ष्य में शनिवार को होटल ऋतुराज, केदार रोड में पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन एवं इसकी विभिन्न शाखाओं गुवाहाटी शाखा, गुवाहाटी महिला शाखा, कामरूप शाखा, गुवाहाटी ग्रेटर शाखा तथा गुवाहाटी मेट्रो शाखा की ओर से एक भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री रमेश कुमार चांडक ने किया। समारोह में प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा, पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. श्याम सुंदर हरलालका, राष्ट्रीय संगठन मंत्री बसंत सुराणा एवं उनकी धर्मपत्नी कविता सुराणा को ससम्मान मंचासीन किया गया।
अपने स्वागत भाषण में अध्यक्ष कैलाश काबरा ने कहा कि “पूर्वोत्तर से पहली बार किसी को राष्ट्रीय संगठन मंत्री की जिम्मेदारी मिलना क्षेत्रीय सम्मेलन के मजबूत कार्यों और निरंतर सामाजिक योगदान की पहचान है।” उन्होंने श्री सुराणा के समाजसेवी कार्यों की सराहना करते हुए हार्दिक अभिनंदन किया।
डॉ. श्याम सुंदर हरलालका ने बधाई संदेश में कहा कि “पूर्वोत्तर से कई राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तो बने हैं, लेकिन पहली बार संगठन मंत्री बनने का गौरव हमें प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि हमारी जिम्मेदारी को और बढ़ाती है।” उन्होंने पूर्वोत्तर क्षेत्र में सम्मेलन की 100 से अधिक सक्रिय शाखाओं का उल्लेख करते हुए इसे संगठन की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
समारोह में पूर्व प्रांतीय मंत्री राजकुमार तिवारी, अशोक अग्रवाल, प्रांतीय उपाध्यक्ष विनोद कुमार लोहिया, प्रांतीय संगठन मंत्री मनोज जैन काला, सम्पत मिश्र, अजित शर्मा, अशोक सेठिया, मंजु भंसाली, अमित कंसल, पंकज जालान सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे और सभी ने अपने संबोधनों में सुराणा दम्पति को शुभकामनाएं दीं।
डॉ. जे.पी. मोर और आकाश सुराणा के विचारों के बाद अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय संगठन मंत्री बसंत सुराणा ने संगठन में सामूहिक कार्यप्रणाली, सुझावों के महत्व और विस्तार योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “पूर्वोत्तर का परचम राष्ट्रीय स्तर पर और भी ऊँचाई पर पहुंचे, यही हमारा संकल्प है।”
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
यह आयोजन पूर्वोत्तर के मारवाड़ी समाज के लिए ऐतिहासिक रहा, जिसने संगठनात्मक एकता और नई ऊर्जा का संदेश दिया।




