‘हिमंत खुद को राजा समझते हैं, जेल जाएंगे…’, असम में गरजे राहुल गांधी
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने राहुल गांधी के आरोपों पर करारा जवाब देते हुए कहा, “राहुल गांधी देशभर में कई मामलों में जमानत पर हैं, उन्हें दूसरों को जेल भेजने की बात करने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।”

विकास शर्मा
गुवाहाटी, 16 जुलाई(असम.समाचार)
असम के राजनीतिक तापमान को गरमाते हुए कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर सीधा हमला बोला। गुवाहाटी दौरे के दौरान छैयगांव में एक जनसभा में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खुद को ‘राजा’ समझते हैं, लेकिन भ्रष्टाचार के चलते वे जेल जाएंगे।
राहुल गांधी ने छैयगांव में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कार्यक्रम में कहा,
“हिमंता खुद को राजा समझते हैं, लेकिन वे ज़्यादा समय तक सत्ता में नहीं रहेंगे। वे जेल में पहुंच जाएंगे। यह कांग्रेस की इच्छा से नहीं, बल्कि असम की जनता उन्हें भ्रष्टाचार के लिए वहां भेजेगी।”
यह दौरा राहुल गांधी का गौरव गोगोई को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने के बाद राज्य का पहला दौरा है। कांग्रेस नेता ने आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी में नई ऊर्जा भरने की कोशिश की।
‘भाजपा चुनावी धांधली में लिप्त’ – राहुल गांधी
राहुल गांधी ने भाजपा पर मतदाता सूची में हेरफेर कर चुनाव जीतने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में मतदाता सूची में बदलाव कर जीत हासिल की गई और अब बिहार में भी इसी तरह की कोशिशें हो रही हैं।उन्होंने कहा,“आज भारत में लड़ाई दो विचारधाराओं के बीच है एक ओर आरएसएस की नफ़रत और हिंसा, दूसरी ओर कांग्रेस का सत्य और अहिंसा।”
हिमंत विश्व शर्मा का पलटवार ‘राहुल खुद जमानत पर हैं’
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने राहुल गांधी के आरोपों पर करारा जवाब देते हुए कहा,
“राहुल गांधी देशभर में कई मामलों में जमानत पर हैं, उन्हें दूसरों को जेल भेजने की बात करने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।”
शर्मा ने व्यंग्य करते हुए यह भी कहा कि राहुल गांधी को असम की मेहमाननवाजी का आनंद लेना चाहिए, क्योंकि असम सभी का स्वागत करता है।
राजनीति गरमाई, चुनावी तैयारी तेज
असम में कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी संग्राम तेजी पकड़ता दिख रहा है। राहुल गांधी के इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों का आगाज़ माना जा रहा है। कांग्रेस की नई टीम मैदान में उतर चुकी है और राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच कांग्रेस की विचारधारा और संघर्ष को पहुंचाने की अपील की।