कोकराझार में मुठभेड़ में माओवादी उग्रवादी ढेर, रेलवे ट्रैक विस्फोट का मुख्य आरोपी था अपिल मुर्मू

कनक चंद्र बोड़ो
कोकराझार, 25 अक्टूबर 2025/असम.समाचार
कोकराझार जिले के नदांगुरी क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और उग्रवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात माओवादी उग्रवादी मारा गया। मृतक की पहचान झारखंड निवासी अपिल मुर्मू उर्फ रोहित मुर्मू (40) के रूप में की गई है।
Advertisement

कोकराझार पुलिस के अनुसार, मुर्मू हाल ही में जिले में हुए रेलवे ट्रैक बम विस्फोट का मुख्य आरोपी था और इससे पहले झारखंड में भी इसी तरह की घटना को अंजाम दे चुका था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पुष्पराज सिंह ने बताया कि झारखंड में पिछले वर्ष अक्टूबर माह में उसने रेलवे ट्रैक उड़ा दिया था, जिसके बाद वह फरार होकर असम आ गया। असम में उसने अपना नाम बदलकर अपिल मुर्मू रखा और कोकराझार जिले के कचुगांव थाना क्षेत्र के ग्रहामपुर गांव का निवासी बताने लगा।
Advertisement

जांच में खुलासा हुआ है कि मुर्मू पहले नेशन साओताल लिबरेशन आर्मी का सदस्य था। संगठन के आत्मसमर्पण के बाद भी उसने हथियार नहीं डाले और झारखंड भागकर अपनी अलग उग्रवादी गुट बना ली। बाद में उसने माओवादी संगठनों से भी संपर्क स्थापित कर लिया और 2015 से झारखंड में कई विध्वंसक गतिविधियों में शामिल रहा।
हाल ही में झारखंड पुलिस की एक टीम असम पहुंची थी और कोकराझार पुलिस के साथ मिलकर उसकी तलाश में जुटी थी।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्तौल, एक ग्रेनेड, झारखंड का वोटर आईडी कार्ड और आधार कार्ड बरामद किया है।
एसएसपी पुष्पराज सिंह ने बताया कि क्षेत्र में अब भी तलाशी अभियान जारी है ताकि उसके अन्य साथियों को गिरफ्तार किया जा सके।



