चार लेन सड़क परियोजना के ठेकेदार मुकेश जालान गिरफ्तार, करोड़ों के भुगतान घोटाले का आरोप

दीपक मुख्तियार
जोरहाट 2 जनवरी 2026/असम.समाचार
जोरहाट की चार लेन सड़क निर्माण परियोजना से जुड़ी कंपनी सदगुरु इंजीनियरिंग एंड एलाइड सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के मालिक मुकेश जालान को जोरहाट पुलिस ने गुवाहाटी से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को टियोक थाना लाकर हिरासत में रखा गया है।

जानकारी के अनुसार, इस ठेकेदारी प्रतिष्ठान के खिलाफ एक आपूर्तिकर्ता ने जोरहाट जिला पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत दर्ज होने के बाद से ही मुकेश जालान फरार चल रहे थे। आपूर्तिकर्ता, शर्मा उपनाम के व्यक्ति ने आरोप लगाया था कि कंपनी द्वारा 4 करोड़ 36 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया गया है।

मामले में पुलिस ने BNS की धारा 316(5), 318(4), 351(3) और 3(5) के तहत मुकेश जालान को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि यह गिरफ्तारी दो-तीन दिन पहले की गई थी, जिसकी जानकारी अब सामने आई है।
इधर, कर्मचारियों को पिछले दो महीनों से वेतन का भुगतान नहीं हो पाने के कारण चार लेन सड़क निर्माण का कार्य पूरी तरह से ठप पड़ा है। वहीं, कंपनी पर असम सरकार के वन विभाग की फॉरेस्ट रॉयल्टी के रूप में 3 करोड़ 36 लाख 67 हजार 695 रुपये का भी बकाया है।
बकाया भुगतान की मांग को लेकर स्थानीय आपूर्तिकर्ता और मजदूर टियोक पुलिस थाने के सामने जमा हो गए हैं और अपने धन की वापसी की उम्मीद जता रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


