शिलांग में मारवाड़ी समाज को गालियां देने वाले के खिलाफ एफआईआर दर्ज, आरोपी फरार

सुशील दाधीच
शिलांग 3 अक्टूबर 2025/असम.समाचार
गाड़ीखाना स्थित नरसिंह अखाड़ा मंदिर परिसर में पान की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति द्वारा फोन पर बातचीत के दौरान पूरे मारवाड़ी समाज के खिलाफ आपत्तिजनक गालियां देने का मामला सामने आया है। उक्त फोन कॉल की रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल होते ही शिलांग का मारवाड़ी समाज आक्रोशित हो उठा और आरोपी के खिलाफ विभिन्न समूहों द्वारा स्थानीय पुलिस थाने में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कराई गई।

जानकारी के अनुसार, आरोपी व्यक्ति वायरल ऑडियो सामने आने के बाद से मौके से फरार हो गया है और उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
शिलांग मारवाड़ी पंचायत के एक्जीक्यूटिव मेंबर पवन शर्मा ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा, “मारवाड़ी समाज के खिलाफ इस तरह की अभद्र भाषा और गालियां किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। अगर पुलिस ने शीघ्र ही कार्रवाई नहीं की, तो समाज आगे की कड़ी कार्रवाई करने को मजबूर होगा।”

स्थानीय समाज के लोगों ने भी मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के तहत सख्त सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति समुदाय विशेष के खिलाफ इस तरह की अपमानजनक हरकत करने की हिम्मत न कर सके।



