मेघालय में अवैध कोयला खदान में डायनामाइट धमाका, कई मजदूरों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
लगातार हो रही इन घटनाओं ने मेघालय में अवैध कोयला खनन पर रोक लगाने के लिए जारी न्यायिक निगरानी और निर्देशों के बावजूद इस प्रथा के बने रहने पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं,

दिपक वर्मा,संवाददाता,
शिलांग 5 फ़रवरी 2026/असम.समाचार
मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स ज़िले के माइनसिंगाट थांग्सको क्षेत्र में गुरुवार को एक अवैध कोयला खदान में हुए डायनामाइट धमाके में कई लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया,मरने वाले सभी मजदूर बताएं गये है।
पूर्वी जयंतिया हिल्स के पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार ने बताया, “दूरस्थ खदान क्षेत्र से चार शव बरामद किए गए हैं। एक व्यक्ति झुलसने की चोटों के साथ इलाज के लिए शिलांग भेजा गया है।”
घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और अग्निशमन व आपात सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव व राहत कार्य शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार, धमाके के बाद जिस पहाड़ी पर अवैध खनन चल रहा था उसका एक हिस्सा ढह गया, जिससे आशंका है कि कुछ और मजदूर मलबे में फंसे हो सकते हैं।
पुलिस ने कहा कि मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि पीड़ित असम के निवासी हो सकते हैं, लेकिन इस बारे में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब जिले में अवैध कोयला खनन को लेकर पहले से ही गंभीर चिंताएं बनी हुई हैं। इसी थांग्सको इलाके में 23 दिसंबर 2025 को भी इसी तरह के धमाके में दो मजदूरों की मौत हो गई थी। उस मामले में बाद में मेघालय उच्च न्यायालय द्वारा नियुक्त जस्टिस (सेवानिवृत्त) बी.पी. काटके समिति और मेघालय मानवाधिकार आयोग ने भी संज्ञान लिया था।
ताज़ा हादसे के साथ, हाल के हफ्तों में पूर्वी जयंतिया हिल्स में अवैध कोयला खनन से जुड़ी मौतों का आंकड़ा सात हो गया है। इससे पहले 14 जनवरी को असम के होजाई ज़िले के जमुना मौदंगा निवासी 48 वर्षीय मजदूर मोसैद अली की उमथे गांव की एक अवैध खदान में दुर्घटना में मौत हो गई थी।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने मेघालय में अवैध कोयला खनन पर रोक लगाने के लिए जारी न्यायिक निगरानी और निर्देशों के बावजूद इस प्रथा के बने रहने पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।



