
गुवाहाटी 27 जनवरी 2026/असम.समाचार
गुवाहाटी के फैंसी बाजार स्थित कामरूप चैंबर ऑफ कॉमर्स के कार्यालय में आज भाजपा घोषणापत्र को लेकर एक महत्वपूर्ण परामर्श बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य व्यापारिक समुदाय एवं व्यापारियों से आगामी भाजपा घोषणापत्र के लिए उनके सुझाव एवं विचार प्राप्त करना था।
बैठक की अध्यक्षता कामरूप चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष महावीर जैन ने की।
बैठक में भाजपा चुनाव समिति के अध्यक्ष एवं सांसद प्रधान बरुआ, राज्यसभा सांसद भुवनेश्वर कलिता तथा असम भाजपा प्रोफेशनल्स सेल के अध्यक्ष गौरव सोमानी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान व्यापारियों एवं व्यवसायिक प्रतिनिधियों ने व्यापार, कर प्रणाली, स्थानीय समस्याओं तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव एवं विचार भाजपा प्रतिनिधिमंडल के समक्ष रखे।
कामरूप चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष महावीर जैन ने व्यापारिक चुनौतियों, कर व्यवस्था, स्थानीय समस्याओं एवं जनसरोकार से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपने विचार व्यक्त किए तथा इस संबंध में एक लिखित सुझाव पत्र भी भाजपा प्रतिनिधिमंडल को सौंपा।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल की ओर से प्रधान बरुआ ने आश्वासन दिया कि बैठक में प्राप्त सभी सुझावों पर भाजपा गंभीरता एवं गहनता से विचार करेगी तथा उन्हें घोषणापत्र में सम्मिलित करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
फैंसी बाजार से संबंधित स्थानीय मुद्दों पर बोलते हुए असम भाजपा प्रोफेशनल्स सेल के अध्यक्ष श्री गौरव सोमानी ने कहा कि भाजपा शीघ्र ही फैंसी बाजार के व्यापारियों के साथ एक अलग बैठक आयोजित करेगी, ताकि उनकी स्थानीय समस्याओं के समाधान हेतु ठोस और व्यावहारिक कदम उठाए जा सकें।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से कैलाश काबरा, वार्ड पार्षद प्रमोद स्वामी, सीताराम बिहानी, बिनोद जैन सुराना, अशोक छाबड़ा, मनोज जैन, दीपक बजोरिया, गौतम शर्मा, सौरव अजमेरा, सुरेन्द्र भलोटिया, राजेन्द्र उपाध्याय, श्री कमल सोमानी सहित व्यापारिक समुदाय के अनेक वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित सदस्य उपस्थित रहे।
यह परामर्श बैठक व्यापारिक समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए एक समावेशी, व्यावहारिक एवं जनहितैषी भाजपा घोषणापत्र की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुई।


