असम टी-20 क्रिकेट: तीसरे दिन रोमांच चरम पर, छक्कों-चौकों की बरसात
ओपी शर्मा, संवाददाता, गुवाहाटी, असम

गुवाहाटी 24 जनवरी 2026/असम.समाचार
मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा द्वारा आयोजित असम टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन का खेल अत्यंत रोमांचक, आकर्षक एवं यादगार रहा। दूधिया रोशनी में आयोजित डे-नाइट मुकाबलों ने प्रतियोगिता की भव्यता को और अधिक निखार दिया। लेदर बॉल से खेले गए इन मैचों में छक्कों और चौकों की बारिश ने मैदान में मौजूद दर्शकों को पूरी तरह मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतियोगिता का आज का खेल प्रातः 8:30 बजे प्रारंभ हुआ। दिनभर चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट तकनीक, अनुशासन और शानदार खेल भावना का परिचय दिया। तीसरे दिन खेले गए मुकाबलों में ब्लेज़िंग बुल्स, डायमंड वॉरियर्स एवं नॉर्थईस्ट राइनो टीमों ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। समाचार लिखे जाने तक दिन का अगला मुकाबला जारी था।
पूरी प्रतियोगिता को अत्यंत सुव्यवस्थित, अनुशासित एवं भव्य ढंग से संचालित किया जा रहा है। विशेष रूप से दूधिया रोशनी में खेले गए डे-नाइट मैचों ने खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों के उत्साह को कई गुना बढ़ा दिया। मैदान में खेल प्रेमियों की भारी उपस्थिति इस सफल आयोजन की सशक्त गवाही देती नजर आई।
आज के मुकाबलों को देखने के लिए अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मंडलीय उपाध्यक्ष सुशील गोयल, संगठन मंत्री निरंजन सिकरीया, लायंस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पंकज पोद्दार, राजकुमार तिवाड़ी, गौतम शर्मा (शर्मा स्वीट), बिमल (चंदू) तिवाड़ी, रमेश सिकरीया सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इसके अतिरिक्त मारवाड़ी कामाख्या शाखा की अध्यक्ष श्रीमती नमिता दुधोड़िदिया, पूर्व अध्यक्ष श्रीमती प्रेमलता सिंघानिया एवं कोषाध्यक्ष श्रीमती ममता सेठी की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।
असम टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता खेल प्रेमियों के लिए रोमांच, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का उत्कृष्ट संगम बनकर उभर रही है।


