तामुलपुर में उत्तर–पूर्व भारत के विधानसभा अध्यक्षों की संयुक्त बैठक
सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विजय बेजबरुआ ने बताया कि सभी की सक्रिय भागीदारी से बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

विकास शर्मा,
तामुलपुर, 11 फरवरी 2026:
उत्तर–पूर्व भारत के विभिन्न राज्यों—नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मिज़ोरम और सिक्किम की विधानसभाओं के प्रतिनिधिमंडल ने दो दिवसीय दौरे पर असम पहुंचकर आज तामुलपुर में एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक में भाग लिया। यह बैठक असम विधानसभा के अध्यक्ष विश्वजीत दैमरी के शुक्लाई शेरफांग स्थित आवास पर आयोजित की गई।
प्रतिनिधिमंडल कल ही तामुलपुर पहुंचा था और असम विधानसभा अध्यक्ष के सहयोग से पड़ोसी देश भूटान में रात्रि विश्राम किया, जिसके लिए सभी प्रतिनिधियों ने अध्यक्ष विश्वजीत दैमरी के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह बैठक कॉमनवेल्थ पार्लियामेंटरी एसोसिएशन (सीपीए), इंडिया रीजन–जोन थ्री तथा नॉर्थ ईस्ट रीजनल इंस्टीट्यूट फॉर पार्लियामेंटरी स्टडीज़ एंड ट्रेनिंग (नेरिप्सटार) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई।
बैठक के आरंभ में असम विधानसभा अध्यक्ष विश्वजीत दैमरी ने सभी अतिथियों का पारंपरिक अरनाई और असम के राष्ट्रीय प्रतीक गैंडे की प्रतिमा भेंट कर सम्मान किया।

बैठक की अध्यक्षता नागालैंड विधानसभा के अध्यक्ष एवं सीपीए के चेयरमैन शेरिंगेन लोंगकुमेर ने की। उद्घाटन सत्र में मेज़बान के रूप में अध्यक्ष विश्वजीत दैमरी ने भूटान से जुड़े ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर प्रकाश डालने के साथ-साथ अपने राजनीतिक जीवन के अनुभव भी साझा किए।
गौरतलब है कि यह संयुक्त बैठक असम विधानसभा परिसर के बाहर आयोजित होने वाली पहली बैठक रही, हालांकि इससे पूर्व ऐसी बैठकों का आयोजन असम विधानसभा में किया जा चुका है। बैठक में इस बात पर विशेष चर्चा हुई कि विधानसभा के अधिकारी एवं विधायक किस प्रकार समन्वय के साथ कार्य कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बना सकते हैं।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अगली संयुक्त बैठक आगामी अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह में त्रिपुरा में आयोजित की जाएगी। साथ ही, सीपीए के चेयरमैन शेरिंगेन लोंगकुमेर ने सभी प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि प्रस्तावित प्रकाशन हेतु आवश्यक जानकारी 15 दिनों के भीतर उपलब्ध कराएं।
बैठक के दौरान प्रशिक्षण से संबंधित बजट, भूमि पट्टा, पंचायती राज व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

इस अवसर पर नागालैंड विधानसभा अध्यक्ष के अलावा अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष तेसाम पोंटे, त्रिपुरा, मिज़ोरम एवं सिक्किम के उपाध्यक्ष, असम विधानसभा के सचिव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विजय बेजबरुआ ने बताया कि सभी की सक्रिय भागीदारी से बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई।



