चलती ट्रेन में मानवता की जीत, महिला यात्री ने कराया सुरक्षित प्रसव
इस मानवीय और साहसिक कार्य के लिए नगांव जिला माहेश्वरी सभा एवं माहेश्वरी महिला समिति, नगांव ने रेणु सोमानी के निवास पर पहुंचकर उन्हें फुलाम गामोछा भेंट कर सम्मानित किया।

डिंपल शर्मा
नगांव, 19 दिसंबर 2025/असम.समाचार
चलती ट्रेन में मानवता, साहस और त्वरित निर्णय का एक अनुकरणीय उदाहरण सामने आया, जब एक महिला यात्री ने गर्भवती महिला की मदद कर बिना किसी चिकित्सकीय संसाधन के सुरक्षित प्रसव कराया।

मणिपुर निवासी सैटगिनथांग खोंगसाई अपनी पत्नी टिन्डोइवाह हाओकिप के साथ चेन्नई से छुट्टियां मनाकर लौट रहे थे। फ्लाइट रद्द होने के कारण दोनों ने ट्रेन संख्या 15629 नगांव एक्सप्रेस से यात्रा करने का निर्णय लिया। कोच बी-4 की सीट संख्या 45 और 46 पर यात्रा के दौरान रंगिया स्टेशन से कुछ पहले टिन्डोइवाह हाओकिप को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पति ने कोच में मौजूद अन्य महिलाओं से सहायता मांगी, लेकिन कोई आगे नहीं आया। इसी दौरान उनकी नजर उसी कोच की सीट संख्या 11 पर यात्रा कर रहीं रेणु सोमानी पर पड़ी। पूरी जानकारी मिलते ही रेणु सोमानी (धर्मपत्नी- भंवरलाल सोमानी) ने बिना किसी हिचकिचाहट के तुरंत मदद का निर्णय लिया।
गर्भवती महिला के पास पहुंचने पर उन्होंने देखा कि शिशु का सिर बाहर आ चुका है। रेणु सोमानी ने महिला को ढांढस बंधाया और सही तरीके से जोर लगाने के निर्देश दिए। मात्र पांच मिनट के भीतर ही सुरक्षित रूप से नवजात का जन्म हो गया। महिला ने पूरे साहस और संयम के साथ प्रसव सहा, जिससे आसपास के यात्रियों को काफी देर तक इस घटना की भनक तक नहीं लगी।

प्रसव के बाद करीब 40 मिनट तक रेणु सोमानी नवजात को गोद में लेकर बैठी रहीं, ताकि मां और बच्चे दोनों सुरक्षित रहें। रंगिया स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही डॉक्टर और नर्स कोच में आए। नर्स द्वारा गर्भनाल काटी गई, जिसके बाद मां और नवजात को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
चलती ट्रेन में बिना किसी चिकित्सकीय सुविधा के रेणु सोमानी द्वारा निभाई गई यह जिम्मेदारी न केवल साहस और संवेदनशीलता का उदाहरण है, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश भी देती है।
इस मानवीय और साहसिक कार्य के लिए नगांव जिला माहेश्वरी सभा एवं माहेश्वरी महिला समिति, नगांव ने रेणु सोमानी के निवास पर पहुंचकर उन्हें फुलाम गामोछा भेंट कर सम्मानित किया।



