Blog

नगांव प्रेस क्लब में राष्ट्रीय प्रेस दिवस समारोह आयोजित

सोशल मीडिया समाचार माध्यमों के लिए चुनौती बनकर उभर रहा है: विधायक रूपक शर्मा, सूचना के साथ-साथ मीडिया की स्वतंत्रता बनाए रखना जरूरी: विधायक दिप्लुरंजन शर्मा, आज के समय में मीडिया की विश्वसनीयता कई कारणों से संदिग्ध हो रही है: अरिंदम बरकटकि

डिंपल शर्मा,

नगांव, 16 नवंबर 2025/असम.समाचार

नगांव जिला प्रशासन, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग और नगांव प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आज राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगांव प्रेस क्लब के अध्यक्ष जितेन बरकटकि ने की। आयोजन नगांव प्रेस क्लब के डॉ॰ अबू हानिफा सभागार में हुआ।

कार्यक्रम में नगांव-बटद्रवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक रूपक शर्मा ने कहा कि नई पीढ़ी में किताबें पढ़ने की रुचि कम होती जा रही है और अखबार आज कई घरों में ड्रॉइंग रूम की सजावट भर बनकर रह गए हैं। उन्होंने युवाओं में मोबाइल की बढ़ती लत पर चिंता जताते हुए कहा कि छपे अक्षरों की चमक नई पीढ़ी महसूस नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया लगातार पारंपरिक मीडिया के लिए चुनौती बनकर सामने आ रहा है और पत्रकारों को इस चुनौती को स्वीकार करते हुए स्वस्थ पत्रकारिता के मार्ग पर चलना होगा।

कार्यक्रम में उपस्थित सामागुड़ी के विधायक दिप्लुरंजन शर्मा ने कहा कि सूचना के साथ समाचार क्षेत्र की स्वतंत्रता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि कीर्तनाथ हजारिका, राधिकामोहन भगवती जैसे महान पत्रकारों की कार्यशैली को आदर्श मानकर मीडिया को आगे बढ़ना चाहिए। पत्रकारिता में भावनाओं के बजाय तर्क और संतुलन की आवश्यकता है।

नगांव के जिलाधिकारी देवाशीष शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आज कृत्रिम बुद्धिमत्ता ने समाचार जगत में नई चुनौतियां प्रस्तुत कर दी हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर समर्पण और त्याग करने वाले पत्रकारों के प्रति समाज को भी संवेदनशील रहना चाहिए।

नगांव जिले के पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका ने कहा कि समाचार एकत्रित करते समय तथ्यों की जांच बेहद आवश्यक है। प्रतिस्पर्धा के दौर में कई बार बिना पुष्टि के जानकारी प्रसारित कर दी जाती है, जबकि जमीनी सत्यापन अनिवार्य है।

नगांव जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी मंद्रिरा सायेंगिया के स्वागत भाषण और प्रेस क्लब के सचिव नीलोत्पल बरा द्वारा उद्देश्य प्रस्तुतिकरण के बाद “भ्रामक सूचनाओं के बीच मीडिया सेवा की विश्वसनीयता की सुरक्षा” विषय पर विचार व्यक्त करते हुए आनंदाराम ढेकियाल फुकन महाविद्यालय के प्रोफेसर और साहित्य समीक्षक अरिंदम बरकटकि ने कहा कि वर्तमान में मीडिया की विश्वसनीयता पर उठने वाले सवाल सरकार की ओर से नहीं, बल्कि भ्रामक सूचनाओं के बढ़ते प्रसार से जुड़े हैं।उन्होंने कहा कि मीडिया संकट के तीन प्रमुख कारण हैं प्रौद्योगिकीय विस्तार,आर्थिक दबाव, राजनीतिक कारक।उन्होंने कहा कि पहले सूचना और मनोरंजन अलग-अलग थे, पर आज “इन्फोटेनमेंट” के कारण भ्रम फैलाने वाली सामग्री तेजी से बढ़ी है, जिससे मीडिया की विश्वसनीयता को नुकसान पहुँचा है।

कृष्ण किंगकर खटनियारे की स्मृति में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों चामगुड़ी, पोरनिगुड़ाम, बेबेजिया, बड़मपुर, बटद्रवा, जुरिया, कलियाबर आदि से आए पत्रकारों को जिला प्रशासन और जनसंपर्क विभाग की ओर से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयंत बरुवा, प्रेस क्लब के सलाहकार कनक हाजारिका, शैलेन सैकिया, असीम भावेल सहित क्लब के सदस्य और विभिन्न स्थानों के पत्रकार उपस्थित थे।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!