हम मियां के खिलाफ नहीं, बल्कि विदेशियों के खिलाफ हैं : अतुल बोरा
देरगांव में एजीपी संकल्प समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री अतुल बोरा ने अवैध विदेशियों के खिलाफ सख्त रुख दोहराया, कहा— पार्टी किसी समुदाय के खिलाफ नहीं

राजीव कर्मकार, संवाददाता, गोलाघाट
गोलाघाट 3 फ़रवरी 2026/असम.समाचार
असम गण परिषद (एजीपी) के अध्यक्ष एवं असम सरकार में मंत्री अतुल बोरा ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी किसी भी समुदाय के खिलाफ नहीं है, बल्कि असम में अवैध रूप से रह रहे विदेशियों के विरोध में है।
गोलाघाट जिले के देरगांव में आयोजित असम गण परिषद के संकल्प समारोह को संबोधित करते हुए अतुल बोरा ने कहा, “हम मियां के खिलाफ नहीं हैं, हमारी लड़ाई विदेशियों के खिलाफ है। असम गण परिषद हमेशा असम की पहचान, भूमि और लोगों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है।”
उल्लेखनीय है कि असम गण परिषद भाजपा सरकार की सहयोगी पार्टी है। हाल के दिनों में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा द्वारा ‘मियां’ मुद्दे पर दिए गए बयानों के बाद राज्य की राजनीति में इस विषय को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
संकल्प समारोह को लेकर अतुल बोरा ने कहा कि कार्यक्रम में जनता का जबरदस्त समर्थन मिला है, जो यह दर्शाता है कि लोग एजीपी की विचारधारा और असम के हितों की रक्षा के संकल्प के साथ खड़े हैं।
इस बयान के बाद यह स्पष्ट होता जा रहा है कि दोनों सहयोगी दलों के बयानों में विरोधाभास नजर आने लगा है। जहां एक ओर दोनों पार्टियां एक ही गठबंधन का हिस्सा हैं, वहीं सार्वजनिक मंचों पर उनके रुख अलग-अलग दिखाई दे रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 में असम विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में गठबंधन की आगामी रणनीति क्या होगी और सीटों का बंटवारा किस आधार पर किया जाएगा, यह पूरी तरह आने वाले समय और राजनीतिक परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।



