पीजीआर–वीजीआर भूमि से बेदखली की मांग को लेकर हिंसा, केएएसी के सीईएम तुलीराम रोंगहांग के आवास को आग के हवाले किया

मुकेश चौहान
खेरेनी (पश्चिम कार्बी आंगलोंग), 22 दिसंबर 2025/असम.समाचार
असम के पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले के खेरेनी कस्बे में सोमवार को उस समय तनाव फैल गया, जब पीजीआर–वीजीआर भूमि से बेदखली की मांग को लेकर पिछले 15 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे प्रदर्शनकारियों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद हजारों लोग सड़कों पर उतर आए।
प्रदर्शनकारी खेरेनी क्षेत्र में पीजीआर–वीजीआर भूमि पर अतिक्रमण हटाने की मांग कर रहे थे। भूख हड़ताल कर रहे लोगों की हिरासत के बाद स्थिति तेजी से बिगड़ गई और पूरे इलाके में विरोध प्रदर्शन फैल गया।
दोपहर तक हजारों की संख्या में लोग एकत्र हो गए और हालात बेकाबू हो गए। शाम होते-होते आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद (केएएसी) के वर्तमान मुख्य कार्यकारी सदस्य (सीईएम) तुलीराम रोंगहांग के आवास को आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा खेरेनी बाजार क्षेत्र की कई दुकानों में भी तोड़फोड़ कर आगजनी की गई।
घटना के बाद मौके पर सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
सीईएम के अन्य आवासों पर भी भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है ताकि किसी और अप्रिय घटना को रोका जा सके। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है, हालांकि इलाके में तनाव बरकरार है।
इस बीच, घटना के विरोध में कार्बी स्टूडेंट्स एसोसिएशन (केएसए), कार्बी आंगलोंग विमेन जस्टिस फोरम (केएडब्ल्यूजेएफ) सहित अन्य संगठनों ने सोमवार शाम को एक प्रेस वार्ता कर अपना पक्ष रखा और मांगों को दोहराया।



