असमलेटेस्ट खबरेंसामाजिकसाहित्यसाहित्य जगत

होजाई में सरदार पटेल जयंती पर एकता पदयात्रा का आयोजन

निरंजन सरावगी

होजाई, 6 नवंबर 2025/असम.समाचार

भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से होजाई जिला प्रशासन की पहल पर सोमवार को शहर के बिहू तुली खेल मैदान से एकता पदयात्रा (यूनिटी मार्च) का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन क्रीड़ा विभाग तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में काजीरंगा के सांसद कामाख्या प्रसाद तासा उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में होजाई और लामडिंग के विधायक क्रमशः रामकृष्ण घोष और सीबू मिश्रा, जिला उपायुक्त बिद्युत विकास भगवती तथा पुलिस अधीक्षक भी. राकेश रेड्डी सहित अन्य अतिथिगण मंचासीन थे।

कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ वृक्षारोपण और सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।

उद्घाटन संबोधन में जिला उपायुक्त बिद्युत विकास भगवती ने कहा कि यह पदयात्रा एकता एवं शांति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में हुए स्वतंत्रता संग्राम में सरदार पटेल अग्रणी सेनानी थे और स्वतंत्र भारत के संघीय ढांचे को एक सूत्र में पिरोने में उनका योगदान ऐतिहासिक है। उन्होंने बताया कि आज कश्मीर से कन्याकुमारी और कच्छ से कामरूप तक एक भारत के स्वरूप के वास्तविक निर्माता सरदार पटेल ही थे।

इस अवसर पर जिले के सभी विद्यालयों में “सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन एवं राष्ट्र एकीकरण में उनका योगदान” विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। समारोह में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मंच से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, छात्र, सामाजिक कार्यकर्ता तथा प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!