Blogअसमथर्ड आईराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरेंशिक्षासामाजिकसाहित्यसाहित्य जगत

प्रतिमा, उद्यान और उद्यम-नगांव में विकास का त्रिवेणी संगम

नगांव में CM-AAA 2.0 की पहली किस्त वितरित, 9,964 युवाओं को मिली आर्थिक सहायता, “नई पीढ़ी असम का गौरवशाली भविष्य लिखने का संकल्प ले” – मुख्यमंत्री, रुपकंवर ज्योतिप्रसाद अग्रवाल की आदमकद प्रतिमा का अनावरण, श्रद्धांजलि उद्यान का उद्घाटन

डिंपल शर्मा,

नगांव 15 फ़रवरी 2026/असम.समाचार

मुख्यमंत्री डॉ हेमंत विश्व शर्मा ने नेहरुबाली मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान (CM-AAA 2.0) के तहत पहली किस्त के चेक वितरित किए। इस अवसर पर नगांव, मोरीगांव और होजई जिलों के कुल 9,964 युवा उद्यमियों को वित्तीय सहायता प्रदान की गई।

लाभार्थियों में 4,196 नगांव, 2,944 मोरीगांव और 2,824 होजई जिले के युवा शामिल हैं।

योजना के तहत अब तक राज्य के 16 जिलों में 37,101 युवाओं को पहली किस्त वितरित की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य असम के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।

पहली किस्त के वितरण के बाद लाभार्थियों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर दूसरी किस्त जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ‘सीएम फेलो’ नियुक्त किए गए हैं, जो लाभार्थियों के व्यवसाय की प्रगति की निगरानी कर मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करेंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अगली किस्त उन्हीं को दी जाएगी जो पहली किस्त का समुचित उपयोग करेंगे। मूल्यांकन बैंक लेन-देन, मासिक आय और सृजित रोजगार के आधार पर किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में राज्य सरकार ने 1.60 लाख सरकारी नौकरियां दी हैं, लेकिन केवल सरकारी नौकरियों से सभी युवाओं की आवश्यकता पूरी नहीं हो सकती। असम को अब नौकरी मांगने वालों की नहीं, बल्कि नौकरी देने वालों की जरूरत है। उन्होंने अनुमान जताया कि लगभग 20 लाख असमिया युवा रोज़गार के लिए राज्य से बाहर कार्य कर रहे हैं।

औद्योगीकरण पर जोर देते हुए उन्होंने जागिरोड में प्रस्तावित सेमीकंडक्टर परियोजना का उल्लेख किया, जिससे लगभग 30,000 युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। साथ ही धुबरी में प्रस्तावित ताप विद्युत परियोजना से भी बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया, “नई पीढ़ी असम का गौरवशाली भविष्य लिखने का संकल्प ले। हमें अपनी धरती नहीं छोड़नी चाहिए। हर असमिया को अपने बाजार और जमीन की रक्षा करनी होगी और कठोर परिश्रम का साहस जुटाना होगा। बंद और नारों से नहीं, बल्कि मेहनत से असम को नई ऊर्जा मिलेगी।”

रुपकंवर को श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने नगांव के रूपकंवर चौक पर महान सांस्कृतिक विभूति ज्योति प्रसाद अगरवाला की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया।

उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा नगांव की जनता की श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है तथा युवा पीढ़ी को प्रेरणा देगी।

श्रद्धांजलि उद्यान का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने मोरीकोलोंग में 25.34 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित श्रद्धांजलि उद्यान का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में नगांव नगर में व्यापक परिवर्तन हुए हैं और अब यह बदलाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

इस अवसर पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री केशव महंत, जल संसाधन मंत्री पियूष हजारिका सहित विधायक रूपक शर्मा, जीतू गोस्वामी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!