
डिंपल शर्मा
हैबरगांव 22 सितंबर 2025/असम.समाचार
असम के लोकप्रिय गायक, संगीतकार एवं निर्देशक जुबिन गर्ग के असामयिक निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी हैबरगांव मंडल की ओर से उत्तर हैबरगांव स्थित पार्टी कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा तथा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत कलाकार की स्मृति में वृक्षारोपण से हुई। मंडल अध्यक्ष सुनील आलमपुरीया ने चार पौधे रोपित किए और कहा कि, “यह हमारे लिए भीषण क्षति है। असम ने अपना एक अनमोल हीरा खो दिया है। जुबिन गर्ग असम के सांस्कृतिक प्रतीक थे और हमेशा असमवासियों के दिल में जीवित रहेंगे।”
श्रद्धांजलि सभा में दीप प्रज्वलित कर तथा पुष्प अर्पित कर जुबिन गर्ग को नमन किया गया। इसके बाद सभी कार्यकर्ताओं ने एक मिनट का मौन रखकर आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। सभा के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से जुबिन गर्ग का प्रसिद्ध गीत ‘मायाविनी’ भी गाया।
इस अवसर पर राज्य मुख्यपात्र डॉ. ज़फरीन महजबीन, मंडल पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, महिला मोर्चा की अध्यक्षा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।




