शिवसागर में छः समुदायों को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मांग को लेकर मशाल जुलूस

रिपोर्ट: केशव पारीक: शिवसागर
शिवसागर 1 नवंबर 2025/असम.समाचार
छः समुदायों को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की पुरानी मांग को लेकर शिवसागर में आज एक विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। इस आंदोलन का नेतृत्व ताई अहोम युवा परिषद ने किया।
ऐतिहासिक रंगघर प्रांगण से प्रारंभ होकर यह मशाल जुलूस शिवसागर नगर की मुख्य सड़कों से गुजरते हुए आगे बढ़ा। प्रदर्शन में शामिल सैकड़ों लोगों ने सरकार से मोरान, मोटोक, अहोम, चुटिया, कोच-राजबंशी और टी ट्राइब समुदायों को शीघ्र एसटी दर्जा देने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चुनावों के समय सरकारें वादे तो करती हैं, लेकिन वर्षों से इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ताई अहोम युवा परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष दिगंत तमुली ने चेतावनी दी कि यदि 25 नवंबर तक सरकार ने कोई निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक राजनीतिक रूप दिया जाएगा।
सैकड़ों की संख्या में जुटे लोगों ने मशालें थामे नारे लगाते हुए शिवसागर की सड़कों को जनसैलाब में बदल दिया।




