शिलांग में ऐतिहासिक जूट प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

सुशील दाधीच
शिलांग, 13 सितम्बर 2025/असम.समाचार
उत्तर-पूर्व भारत में जूट उद्योग को नई दिशा देने की अनोखी पहल के तहत शुभम चैरिटेबल एसोसिएशन और राष्ट्रीय जूट बोर्ड (NJB) द्वारा शिलांग में आयोजित पहला जूट प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह 35 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम अपनी तरह का उत्तर-पूर्व भारत में पहला प्रयास है, जिसमें राज्यभर से 20 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
Advertisement

कोलकाता से आए मास्टर ट्रेनर्स ने प्रतिभागियों को जूट खेती की आधुनिक तकनीकों, प्रसंस्करण प्रक्रिया, मूल्य संवर्धन और बाजार की मांग के अनुरूप नए उत्पाद तैयार करने की विधियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रशिक्षुओं द्वारा बनाए गए आकर्षक जूट उत्पादों जैसे बायोडिग्रेडेबल पैकेजिंग सामग्री और मनोहारी हस्तशिल्प की प्रदर्शनी लगाई गई। यह प्रदर्शनी उद्योग विशेषज्ञों, सरकारी अधिकारियों और निवेशकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल जूट उद्योग को उत्तर-पूर्व में नई पहचान दिलाने के साथ ही युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराएगी। साथ ही, पर्यावरण के अनुकूल जूट उत्पादों को बढ़ावा देकर यह कदम क्षेत्र को सतत विकास की दिशा में भी अग्रसर करेगा।



