असमअसम.समाचार(स्पेशल)प्रशासनलेटेस्ट खबरेंसामाजिकसाहित्य

नगांव में हजारों लोगों ने दी जुबिन गर्ग को भावभीनी श्रद्धांजलि, बनेगा “जुबिन गर्ग स्मृति क्षेत्र”

विधायक रूपक शर्मा ने श्रद्धांजलि सभा में कहा कि जुबिन गर्ग ने नगांव को हमेशा दिल से चाहा था, और आज यही वजह है कि हजारों लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। उन्होंने बताया कि मंगलवार को उनकी चिता-भस्म का एक हिस्सा कलंग नदी में और एक हिस्सा ब्रह्मपुत्र नदी में विसर्जित किया जाएगा।

डिंपल शर्मा,

नगांव, 24 सितंबर 2025/असम.समाचार

असम के जनप्रिय गायक और सांस्कृतिक प्रतीक जुबिन गर्ग को आज नगांव के नेहरूबाली मैदान में हजारों लोगों ने अश्रुपूर्ण विदाई दी। विधायक रूपक शर्मा की पहल और जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस केंद्रीय श्रद्धांजलि समारोह में जुबिन गर्ग की चिता-भस्म और उनकी एक विशाल तस्वीर रखी गई, जिसके समक्ष लोग कतारबद्ध होकर पुष्पांजलि अर्पित करते रहे।

दोपहर दो बजे से शुरू हुए इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में नगांव जिले के 700 से अधिक सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, खेल, पत्रकारिता और शैक्षिक संगठनों ने भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान शाम को सांस्कृतिक संस्था ‘सृष्टि’ के तत्वावधान में नेहरूबाली परिसर को दीपमालाओं से सजाया गया और उपस्थित जनसमूह ने जुबिन गर्ग के लोकप्रिय गीत “मायाविनी रातिर बुकुत, देखा पालो तुमार छबी…” को एक स्वर में गाकर उन्हें संगीतमय श्रद्धांजलि दी।

विधायक रूपक शर्मा ने श्रद्धांजलि सभा में कहा कि जुबिन गर्ग ने नगांव को हमेशा दिल से चाहा था, और आज यही वजह है कि हजारों लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। उन्होंने बताया कि मंगलवार को उनकी चिता-भस्म का एक हिस्सा कलंग नदी में और एक हिस्सा ब्रह्मपुत्र नदी में विसर्जित किया जाएगा।

जनभावनाओं का सम्मान करते हुए विधायक शर्मा ने यह भी घोषणा की कि नगांव गर्ल्स कॉलेज के सामने कलंग नदी के तट पर निर्माणाधीन उद्यान का नाम जुबिन गर्ग के नाम पर रखा जाएगा। वहीं उसी स्थान पर “जुबिन गर्ग स्मृति क्षेत्र” विकसित किया जाएगा, जिसमें उनकी प्रतिमा और कई ऐसे प्रावधान होंगे जो आने वाली पीढ़ियों को भी इस महान कलाकार की याद दिलाते रहेंगे।

श्रद्धांजलि सभा में नगांव के उपायुक्त देवाशीष शर्मा, पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका, पूर्व केंद्रीय मंत्री राजेन गोहाईं सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और हजारों आम नागरिक मौजूद थे। विधायक शर्मा ने शांतिपूर्वक कार्यक्रम में भाग लेने और जुबिन गर्ग को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए सभी वर्गों के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!