होजाई में श्रद्धा और भक्ति के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य, हजारों श्रद्धालुओं ने की सूर्य उपासना

निरंजन सरावगी
होजाई, 27 अक्टूबर 2025/असम.समाचार
छठ महापर्व के अवसर पर आज होजाई शहर में डूबते हुए सूर्य की पूजा-अर्चना बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ की गई। संध्या 5:34 बजे से पहले व्रतधारियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।
शिव मंदिर स्थित पोखरी सहित शहर के विभिन्न घाटों पर हजारों की संख्या में पुरुष और महिलाएं धूप, दीप, फल, फूल और ठेकुआ लेकर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने दूध और जल से सूर्यदेव को अर्घ्य देकर विधिवत पूजा-अर्चना की। नया बाजार पोखरी, आमतोला, मिलिक बस्ती, मंडोली और कपिल नदी तट पर भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां चारों ओर भक्ति और आस्था का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर पंडित पुणे तिवारी ने श्रद्धालुओं को छठ महापर्व के धार्मिक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं प्रशासनिक व्यवस्था चाक-चौबंद रही। पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में तत्पर दिखाई दिए ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।





