प्यास बुझी, दिल भी भीगे, जुबिन दा की अंत्येष्टि पर राजस्थान फाउंडेशन और मेफेयर ग्रुप की अनूठी सेवा
इस मानवीय पहल की गूंज इतनी गहरी रही कि खुद मुख्यमंत्री ने भी इसकी सराहना की। उन्होंने इसे “इस अवसर पर एक महान कार्य” बताते हुए राजस्थान फाउंडेशन व मेफेयर ग्रुप को धन्यवाद दिया।

विकास शर्मा
सोनापुर 23 सितंबर 2025/असम.समाचार
गुवाहाटी की उमस भरी दोपहर। चारों ओर अश्रुपूरित आंखें, भारी भीड़ और हर जुबां पर सिर्फ़ एक नाम जुबिन दा। ऐसे भावुक माहौल में राजस्थान फाउंडेशन और मेफेयर ग्रुप ने इंसानियत की मिसाल पेश की।

फाउंडेशन और मेफेयर ग्रुप ने अंत्येष्टि में शामिल जनसमूह के बीच 1.5 लाख पैकेट शुद्ध पेयजल वितरित किए। और यह पैकेट केवल पानी नहीं थे इनमें नारियल पानी, नींबू पानी, आम का जूस और अन्य शीतल पेय भी शामिल थे। हर घूंट सिर्फ़ प्यास ही नहीं बुझा रहा था, बल्कि संवेदना और करुणा का संदेश भी पहुँचा रहा था।

फाउंडेशन के नॉर्थ ईस्ट एवं असम के अध्यक्ष व मेफेयर के चैयरमैन रतन शर्मा ने कहा“यह पहल केवल सेवा नहीं, बल्कि जुबिन दा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। हम उनके कला और संगीत को याद करते हुए समाज सेवा को भी आगे बढ़ा रहे हैं।”
इस मानवीय पहल की गूंज इतनी गहरी रही कि खुद मुख्यमंत्री ने भी इसकी सराहना की। उन्होंने इसे “इस अवसर पर एक महान कार्य” बताते हुए राजस्थान फाउंडेशन व मेफेयर ग्रुप को धन्यवाद दिया।
गुवाहाटी और आसपास से आए हजारों लोग इस सेवा से लाभान्वित हुए। किसी ने इसे मानवता का अमृत कहा, तो किसी ने भाईचारे की मिसाल।
उस दिन भीड़ में जब हर दिल टूटा था, राजस्थान फाउंडेशन और मेफेयर ग्रुप ने इंसानियत का हाथ बढ़ाकर सबको यह याद दिलाया,संगीत अमर है, और सेवा भी।




