नगांव में गूंजेगी चंग की थाप, “पचरंग फागणीयो” में सजेगी राजस्थानी होली
चंग, फाग और लोकनृत्य से सजेगी होली, 1 मार्च को खास कार्यक्रम

डिंपल शर्मा,
नगांव, 25 फरवरी 2026/असम.समाचार
राजस्थान की लोकसंस्कृति की रंगत अब नगांव में भी नजर आएगी। होली के पावन अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन, नगांव शाखा की ओर से 1 मार्च (रविवार) को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम “पचरंग फागणीयो” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सर्किट हाउस के पास स्थित खगेन महंत ऑडिटोरियम, जेल रोड में आयोजित होगा।

कार्यक्रम में राजस्थान के सुप्रसिद्ध कलाकार अभिषेक मिश्रा एंड पार्टी अपनी प्रस्तुति देंगे। राजस्थानी लोकगीतों, पारंपरिक नृत्य और चंग की थाप पर फागुन की मस्ती से सराबोर यह संध्या दर्शकों को रंग और रस की अनूठी अनुभूति कराएगी।
आयोजन सांवरमल खेतावत एवं प्रेमधन कंस्ट्रक्शन के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य नगांव में रह रहे राजस्थानी समाज और स्थानीय नागरिकों को अपनी संस्कृति से जोड़ना तथा होली के पर्व को सामूहिक उल्लास के साथ मनाना है।
आयोजन स्थल पर रात्रि भोजन की भी व्यवस्था रहेगी।आयोजकों ने समाज बंधुओं एवं मातृशक्ति से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
इस आशय की जानकारी नगांव मारवाड़ी सम्मेलन के सचिव विजयराज किल्ला द्वारा दी गई।



