पश्चिम कार्बी आंगलोंग के खेरोनी में तनाव बरकरार, PGR/VGR भूमि निष्कासन को लेकर प्रदर्शनकारी अड़े

मुकेश चौहान
खेरोनी (पश्चिम कार्बी आंगलोंग):23 दिसंबर 2025/असम.समाचार
असम के पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले के खेरोनी क्षेत्र में PGR/VGR भूमि निष्कासन अभियान को लेकर स्थिति लगातार तनावपूर्ण बनी हुई है।
निष्कासन के विरोध में उतरे प्रदर्शनकारी किसी भी हाल में आंदोलन समाप्त करने के मूड में नहीं दिख रहे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति गंभीर हो गई है।

प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर हमला कर दिया। उपद्रवियों ने पुलिस बल पर पथराव किया और तीर भी चलाए। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी तथा आंसू गैस के गोले दागकर भीड़ को तितर-बितर किया गया।
प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प में कई पुलिसकर्मी और महिला पुलिसकर्मी घायल हो गए, वहीं कई आम लोगों को भी चोटें आई हैं। स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए क्षेत्र में भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए असम के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) स्वयं मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है और क्षेत्र में शांति एवं सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास जारी हैं।


