
डिंपल शर्मा
गुवाहाटी 15 दिसंबर 2025/असम.समाचार
लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर के अध्यक्ष लायन प्रकाश काबरा के नेतृत्व में संचालित कौशल विकास केंद्र में आज निरुपमा’ज शुगर बाइट्स के सहयोग से केक बनाने की एक प्रेरणादायक कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला प्रसिद्ध बेकिंग विशेषज्ञ श्रीमती निरुपमा हवेलियां के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
लगभग तीन घंटे चली इस कार्यशाला में 13 छात्राओं ने वैनीला केक और चॉकलेट केक बनाने के साथ-साथ आकर्षक आइसिंग की तकनीकें सीखी। इसके अतिरिक्त ब्लैक फॉरेस्ट केक एवं मफिन्स बनाने का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। श्रीमती निरुपमा हवेलियां ने गैस तथा ओटीजी दोनों माध्यमों से केक बनाने की सरल, उपयोगी और व्यावसायिक तकनीकों की जानकारी दी।
कार्यशाला की मुख्य सलाहकार लायन नीरू काबरा ने कहा कि श्रीमती निरुपमा हवेलियां का उत्कृष्ट कौशल, व्यावहारिक अनुभव और रचनात्मक सुझाव छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में सशक्त आधार प्रदान करेंगे।
कार्यशाला की सह-संचालिका लायन मीनाक्षी माथुर ने नि:स्वार्थ सेवा हेतु श्रीमती निरुपमा हवेलियां के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक और रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।
कौशल विकास केंद्र की मुख्य संचालिका लायन बबीता चौधरी ने बताया कि केंद्र में समय-समय पर मेहंदी, सिलाई, कढ़ाई, महिला सौंदर्य प्रशिक्षण सहित विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
क्लब के जनसंपर्क अधिकारी लायन रतन खाखोलिया ने जानकारी दी कि श्रीमती निरुपमा हवेलियां पिछले 15 वर्षों से केक व्यवसाय से जुड़ी हैं और अब तक 800 से अधिक विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दे चुकी हैं, जिनमें से अनेक ने इसी क्षेत्र में अपना सफल करियर स्थापित किया है।
कार्यशाला के समापन अवसर पर क्लब अध्यक्ष लायन प्रकाश काबरा ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि छात्राओं को इतना उत्साहित, प्रसन्न और सीखने के लिए आतुर देखना अत्यंत हृदयस्पर्शी रहा। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर को गर्व है कि क्लब निरुपमा’ज शुगर बाइट्स के सहयोग से छात्राओं को सार्थक सीखने और आय अर्जन के अवसर उपलब्ध करा सका।



