
केशव पारीक,
शिवसागर 11 अप्रैल 2026/असम.समाचार
असम स्टेट स्कूल एजुकेशन बोर्ड (एएसएसईबी) द्वारा शुक्रवार को घोषित साल 2026 की मैट्रिक परीक्षा के नतीजों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए शिवसागर जिला 84.08 % प्रतिशत के साथ राज्य में दूसरे स्थान पर रहा।
जो कि पिछले साल 2025 में 81.24 प्रतिशत रहा था। इस साल जिले के 32 परीक्षा केंद्रों से मैट्रिक परीक्षा देने वाले कुल 8726 परीक्षार्थियों में से 7337 उत्तीर्ण हुए हैं। जिनमें से 3006 प्रथम, 3539 ने द्वितीय और 792 ने तृतीय स्थान हासिल किया है।
शहर के प्रतिष्ठित निजी शिक्षण संस्थान श्री सुंदरमल मॉडर्न स्कूल ने लगातार 21 वें वर्ष भी शत प्रतिशत परिमाण हासिल करने की अपनी गौरवशाली यात्रा को जारी रखा है।
स्कूल के दो विद्यार्थियों अतीक तफसील अहमद और मुर्तजा सोहेल अहमद ने अपनी मेधा का परिचय देते हुए सामान्य गणित विषय में 100 में से 100 अंक हासिल कर अपने स्कूल को गौरव दिलाया है।
वहीं चिन्मय गोगोई और निरंकुश चौधरी कर्मकार ने सामान्य गणित विषय में 99 अंक हासिल किए हैं। मेधावी छात्र चिन्मय गोगोई सर्वाधिक 93%, मुर्तजा सोहेल अहमद 92.83 और केशव शर्मा 91.17 प्रतिशत अंकों के साथ स्कूल टॉपर रहे हैं।
इस साल स्कूल से मैट्रिक परीक्षा देने वाले कुल 68 परीक्षार्थियों में से 66 ने प्रथम स्थान और 2 ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। जिनमें से 11 ने डिस्टिंक्शन और 16 ने स्टार मार्क्स हासिल किये हैं।
वहीं स्कूल के परीक्षार्थियों में से सामान्य गणित में 40, अंग्रेजी में 39, सामान्य विज्ञान में 37, कंप्यूटर में 34, समाज विज्ञान में 23, एडवांस गणित में 7, असमिया में 6 और 1 परीक्षार्थी ने हिंदी विषय में लेटर मार्क्स हासिल किये हैं।
मारवाड़ी समाज की प्रतिनिधि संस्था श्री मारवाड़ी पंचायत जन दातव्य समिति शिवसागर की शैक्षणिक इकाई श्री सुंदरमल मॉडर्न स्कूल की इस धारावाहिक सफलता से गौरवान्वित मारवाड़ी समाज में भारी हर्ष की लहर है।
इससे पहले साल 2008 में स्कूल के छात्र कौशल अग्रवाल ने मैट्रिक परीक्षा में राज्य भर में आठवां स्थान प्राप्त कर स्कूल को प्रतिष्ठा दिलाई थी। इसके बाद सुदीर्घ चौदह साल के लंबे इंतजार के बाद साल 2022 में दोहरी सफलता के साथ स्कूल के दो मेधासम्पन्न विद्यार्थियों हिमांशु दास और रक्तोत्पल बोरा ने राज्य स्तर पर टॉपर्स की सूची में दसवां स्थान प्राप्त कर श्री सुंदरमल मॉडर्न स्कूल का नाम एक बार फिर से राज्य के शैक्षणिक इतिहास में स्वर्णाक्षरों से दर्ज करवाया था।
राज्य स्तर पर टॉपर्स की सूची में स्थान प्राप्त करने वाले सभी छात्रों को स्कूल प्रबंध समिति द्वारा नगद 50 हजार रुपए की एकमुश्त राशि प्रदान की जाती है।
आज लगातार 21 वें साल भी परीक्षा परिणामों के सुखद समाचार से स्कूल के छात्र छात्राओं, शिक्षक शिक्षिकाओं, अभिभावकों सहित स्कूल प्रबंध समिति तथा अभिभावक संस्था श्री मारवाड़ी पंचायत जन दातव्य समिति के पदाधिकारियों सदस्यों का उत्साह देखते ही बनता था।
श्री सुंदरमल मॉडर्न स्कूल प्रबंध समिति के अध्यक्ष संजय पारीक, कार्यवाहक अध्यक्ष विनीत अग्रवाल, उपाध्यक्ष विजय कसेरा, सलाहकार बिनोद चौधरी, सचिव बिनोद चौधरी, सदस्य पवन अग्रवाल (डीपी), पवन बगड़िया, सौरभ अग्रवाल, नंदकिशोर झंवर के साथ ही श्री मारवाड़ी पंचायत जन दातव्य समिति शिवसागर के सचिव संजय अग्रवाल सहित अभिभावक और पूर्व छात्र भी अपने स्कूल के खुशी के मौके पर उपस्थित रहकर परीक्षा में उत्तीर्ण हुए मेधावी छात्रों और शिक्षकों को बधाई देते हुए उनका मनोबल बढ़ाया।
स्कूल प्रबंध समिति की ओर से सभी अतिथियों, शिक्षक शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों का मुंह मीठा करवाया गया। इस सफलता से अभिभूत स्कूल प्रबंध समिति के अध्यक्ष संजय पारीक, कार्यवाहक अध्यक्ष विनीत अग्रवाल तथा सचिव यश्मी काबरा राठी ने उत्कृष्ट परिणामों के साथ स्कूल को गौरवान्वित करने वाले सभी उत्तीर्ण परीक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई देते हुए अपने संदेश में स्कूल की अभिभावक संस्था श्री मारवाड़ी पंचायत जन दातव्य समिति की कार्यकारिणी समिति, स्कूल प्रबंध समिति के सदस्यों, स्कूल के प्रिंसिपल नगेन दास, वाइस प्रिंसिपल दिलीप बोरा सहित सभी शिक्षक कर्मचारियों और विद्यार्थियों सहित शुभाकांक्षियों के सक्रिय सहयोग को स्कूल की प्रगति और सफलता का मुख्य कारण बताया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1933 में स्थापित श्री शिवशंकर विद्यालय जिसका नाम बाद में श्री सुंदरमल हिन्दी इंग्लिश हाईस्कूल हो गया था। परंतु समय की मांग को ध्यान में रखते हुए वर्ष 1996 में एक अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस सम्पूर्ण अंग्रेजी माध्यम के स्कूल के रूप में अस्तित्व में आए श्री सुंदरमल मॉडर्न स्कूल में वर्तमान समय में 750 से भी अधिक विद्यार्थी हैं।
स्कूल प्रबंधन द्वारा नियमित तौर पर खेल, कला संस्कृति और बौद्धिक विकास की विभिन्न गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने और प्रतिभा विकास के लगातार प्रयास किए जाते हैं। स्कूल के प्रिंसिपल नगेन दास से मिली जानकारी के अनुसार अंग्रेजी माध्यम के स्कूल के रूप में अस्तित्व में आने के बाद से ही श्री सुंदरमल मॉडर्न स्कूल ने अपनी अलग छवि बनाने में कामयाबी हासिल कर ली थी।
साल 2006 में मैट्रिक परीक्षा देने वाले स्कूल के पहले बैच के साथ ही अब तक विगत 21 सालों के मैट्रिक परीक्षा के घोषित परिणाम में शत प्रतिशत परिणाम के उत्कृष्ट प्रदर्शन से श्री सुंदरमल मॉडर्न स्कूल का नाम शहर ही नहीं बल्कि शिवसागर जिले के निजी स्कूलों की वरीयता सूची में दर्ज है।
श्री मारवाड़ी पंचायत जन दातव्य समिति शिवसागर के अध्यक्ष पवन केजरीवाल, सचिव संजय अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष राजेश मित्तल, श्री सुंदरमल विद्यालय ट्रस्ट के अध्यक्ष हरिप्रसाद अग्रवाला, सचिव चंपालाल तोषनीवाल एवं कोषाध्यक्ष राजेश गट्टाणी सहित मारवाड़ी सम्मेलन शिवसागर शाखा, अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन शिवसागर शाखा, मारवाड़ी युवा मंच शिवसागर शाखा, शिवसागर प्रगति शाखा ने स्कूल की इस उपलब्धि पर मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई दी है।



