खेरोनी ज़ीरो प्वाइंट पर हालात सामान्य, रैपिड एक्शन फोर्स व कमांडो तैनात

मुकेश चौहान
खेरोनी (पश्चिम कार्बी आंगलोंग), 25 दिसंबर 2025/असम.समाचार
असम के पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले के खेरोनी क्षेत्र में पीजीआर/वीजीआर भूमि निष्कासन को लेकर बीते कुछ दिनों से जारी तनाव के बाद अब स्थिति सामान्य बताई जा रही है। खेरोनी ज़ीरो प्वाइंट सहित संवेदनशील इलाकों में रैपिड एक्शन फोर्स व कमांडो और पुलिस बल की व्यापक तैनाती की गई है। सुरक्षा बलों की सतर्क मौजूदगी के बीच इलाके में शांति बनी हुई है।
उल्लेखनीय है कि 22 दिसंबर 2025 से खेरोनी क्षेत्र में हालात उस समय बिगड़ गए थे, जब पीजीआर/वीजीआर आंदोलनकारी जो पिछले 15 दिनों से भूख हड़ताल पर थे को तड़के उपचार के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। इस घटना से आक्रोशित हजारों प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर उतरकर आंदोलनकारियों की रिहाई और भूमि निष्कासन रोकने की मांग को लेकर प्रदर्शन तेज कर दिया।
हालांकि बाद में आंदोलनकारियों को रिहा कर दिया गया, लेकिन तब तक हालात बेकाबू हो चुके थे। उग्र भीड़ ने इलाके में कई घरों और दुकानों में आगजनी की, जिससे संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा।
प्रशासनिक हस्तक्षेप और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के बाद बुधवार से स्थिति पर नियंत्रण पाया गया है। प्रशासन ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में फोर्स की बहाली की गई है और लगातार गश्त जारी है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।



